यह कैसा संपूर्ण समाधान दिवस? तीनों तहसीलों में 173 शिकायतें दर्ज, सिर्फ 8 का ही निपटारा

top-news
Noida news

Noida: उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप  जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 173 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 शिकायतों का समाधान मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया।

दादरी में132 शिकायतें 
 जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम ने तहसील दादरी में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निस्तारण के दिशा-निर्देश दिए। दादरी तहसील में कुल 132 शिकायतें दर्ज की गईं, जिसके सापेक्ष 8 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।

पांच अधिकारियों को नोटिस

जिलाधिकारी ने  अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए शासन गंभीर है। अतः अधिकारीगण निस्तारण में कोताही न बरतें और प्राथमिकता के साथ प्रत्येक शिकायत का मौके पर जांच कर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित 5 अधिकारियों का स्पष्टीकरण जारी करते हुए एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

तहसील परिसर में डीएम ने किया पौधारोपण
 सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी मेधा रूपम ने दादरी तहसील परिसर में कदम का पौधा रोपित कर, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र कुमार, एसीपी अजीत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 दो तहसीलों में एक भी समस्या का समाधान नहीं
इसी क्रम में जेवर तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 3 शिकायते दर्ज की गईं। संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।
      

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *