ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच आवाजाही होगी आसान, यमुना पुल तक बनेगी चौड़ी सड़क

top-news
Noida news

Noida: ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच सीधी आवाजाही जल्द साकार होने वाली है। शासन ने यमुना नदी पर बने मंझावली पुल तक सड़क निर्माण के लिए 65.50 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (PWD) को सौंपी गई है।

फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा तक मिलेगा सीधा रास्ता
सड़क बनने के बाद फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के लोगों को दिल्ली या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को इससे फायदा होगा। साथ ही यात्रा में लगने वाले समय और ईंधन की भी बचत होगी। दिल्ली में ट्रैफिक का दबाव कम करना भी इस परियोजना का बड़ा उद्देश्य है।

 मंझावली पुल का निर्माण 10 साल बाद हुआ पूरा
ग्रेटर नोएडा को सीधे फरीदाबाद से जोड़ने के लिए मंझावली गांव के पास 2014 में यमुना पुल का शिलान्यास हुआ था। करीब एक दशक की देरी के बाद पुल तो बनकर तैयार हो गया, लेकिन गौतमबुद्ध नगर की ओर संपर्क मार्ग न बनने से इसका उपयोग अब तक नहीं हो पाया है।

 अब बनेगी 1.7 किमी नई सड़क, 3.29 किमी पुरानी सड़क होगी चौड़ी
गौतमबुद्ध नगर जिले में अट्टा गुजरान से पुल तक कुल 4.99 किलोमीटर लंबी सड़क प्रस्तावित है। इसमें से 3.29 किमी सड़क पहले से बनी हुई है। अब शेष 1.7 किमी लंबी चार लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि मौजूदा सड़क को चौड़ा कर चार लेन में बदला जाएगा।

 किसानों की जमीन खरीद प्रक्रिया जारी
सड़क निर्माण के लिए चार गांवों के 110 किसानों की कुल 6.888 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जा रही है। प्रशासन अब तक 50 प्रतिशत जमीन का बैनामा करा चुका है। बाकी प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है ताकि जल्द से जल्द निर्माण शुरू हो सके।

 आने वाले समय में बढ़ेगा क्षेत्रीय विकास
यह सड़क न केवल फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। आने-जाने में आसानी होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *