माफिया सुंदर भाटी गिरोह का शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
- Shiv Kumar
- 06 Aug, 2025
Greater Noida: इकोटेक-1 थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान कुख्यात माफिया सुंदर भाटी गिरोह के एक शूटर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश की पहचान धर्मेंद्र उर्फ डीके निवासी कामबक्शपुर डेरीन के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान धर्मेंद्र के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागे बदमाश
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से डिक्सन कंपनी कट के पास चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन कार सवार बदमाशों ने रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर पीछा किया।
मुठभेड़ की यह कार्रवाई एक ईंट भट्ठे के पास कच्ची सड़क पर हुई, जहां बदमाशों ने गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश की और दोबारा गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में धर्मेंद्र के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
हमीरपुर में लूटी थी कार साथी फरार
एडीसीपी के मुताबिक, धर्मेंद्र नॉलेज पार्क थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर लूट, हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 20 से अधिक संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह हमीरपुर में हुई एक कार लूट की घटना में भी शामिल रहा था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक कार बरामद की गई है। फरार बदमाश की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच गहनता से की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






