ग्रेनो वेस्ट की इस सोसाइटी में पानी की किल्लत, सड़क पर उतरकर निवासियों ने किया विरोध

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट: पानी संकट से नाराज इको विलेज-1 के निवासी सड़कों पर उतरे

 Greater Noida: नोएडा वेस्ट की सोसाइटी में रहने वाले लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। यहां की सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी है, जिसके कारण लाखों करोड़ों रुपए खर्च कर फ्लैट खरीदने वाले लोग परेशान रहते हैं। अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में रक्षाबंधन के दिन पानी न आने से नाराज निवासियों ने रविवार को सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि त्योहार के दिन भी सोसाइटी के करीब 10 टावरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रही। घरों में मेहमान आने के बावजूद लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसते रहे और मजबूरन बाजार से पानी खरीदना पड़ा।

लगातार बनी रहती है किल्लत
निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। पिछले हफ्ते भी दो दिन तक जलापूर्ति ठप रही थी, जो केवल प्रदर्शन के बाद तीसरे दिन जाकर बहाल हुई थी। इस बार रक्षाबंधन के दिन से पानी की समस्या शुरू हुई, जो रविवार तक भी हल नहीं हुई।

मेंटेनेंस एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
निवासी संजय शर्मा ने कहा कि आईआरपी द्वारा नियुक्त मेंटेनेंस एजेंसी बिल्कुल भी काम नहीं कर रही। रखरखाव के अभाव में सोसाइटीवासी रोजमर्रा की दिक्कतों से परेशान हैं। वहीं, शशिभूषण ने कहा, “लाखों रुपये में फ्लैट खरीदा, लेकिन सुविधाएं शून्य हैं। गांव का जीवन इससे बेहतर है।”

कार्यालय में कोई मौजूद नहीं
निवासियों के मुताबिक, शिकायत करने के लिए जब वे मेंटेनेंस कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था। वीकेंड और त्योहार के दिन पानी न आने से घरों में खाना पकाने तक के लाले पड़ गए और लोगों को बाहर से खाना मंगाना पड़ा। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *