ग्रेनो वेस्ट की इस सोसाइटी में फिर अटकी लिफ्ट, 45 मिनट तक मदद की गुहार लगाती रही महिला

top-news
बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के डी टावर की लिफ्ट खराब

Greater Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में लिफ्ट हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के लोग लिफ्ट की बार-बार खराबी आने से दुखी हैं। यहां रोजाना कोई न कोई लिफ्ट में फंस जाता है, लेकिन बिल्डर और मेंटेनेंस टीम कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

दूसरी सोसाइटी के लिफ्ट ऑपरेटर ने खोला दरवाजा

बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के डी टावर में काम करने वाली एक मेड नीचे जा रही थी। तभी 13वें फ्लोर पर अचानक लिफ्ट अटक गई। मेड करीब 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही और मदद की गुहार लगाती रही। लेकिन कोई मदद नहीं मिली। बाद में सोसाइटी के लोगों ने ने दूसरी सोसाइटी के लिफ्ट ऑपरेटर को बुलाकर दरवाजा खुलवाया और महिला को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ है।

बिल्डर के खिलाफ एफआईआर नहीं लिखती पुलिस

सोसाइटी के लोगों का कहना है कि पहले भी सोसाइटी में लिफ्ट फ्री फॉल होकर नीचे गिर चुकी है। उस समय भी किसी तरह से बड़ा हादसा टल गया था। इसके बावजूद मेंटेनेंस टीम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया था। वहीं, घटनाओं से परेशान होकर रात में कई निवासी थाने पहुंच गए। बिल्डर और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि पुलिस केवल शिकायत लेती है लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं करती। निवासियों का कहना है कि लिफ्ट की खराबी से रोजाना उनकी जान खतरे में रहती है। अगर जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो वे बिल्डर और प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

अधिकतर लिफ्ट खराब, बच्चे-बुजुर्ग डर से नहीं करते उपयोग

रहिवासियों का कहना है कि सोसाइटी के 10 टावरों में 20 लिफ्ट हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश लंबे समय से बंद पड़ी हैं। जो चल रही हैं, वह कभी भी बंद हो जाती हैं। इसके कारण कई निवासी लिफ्ट में फंस चुके हैं। ए और बी टॉवर में चार लिफ्ट लगी हैं, जिनमें से सिर्फ एक लिफ्ट ही काम कर रही है। बी टॉवर की दो लिफ्ट में से एक 4 महीने से बंद है। जबकि दूसरी लिफ्ट का मेंटेनेंस कई महीनों से नहीं हुआ है। बच्चे और बुजुर्ग डर के मारे उसका उपयोग नहीं कर रहे हैं। ए टॉवर की दो लिफ्ट में से एक कई महीने से बंद है और दूसरी पर पूरा दबाव है। निवासियों ने बताया कि जो लिफ्टें चालू हैं, उनमें भी अचानक कई फ्लोर नीचे गिरने जैसे झटके लगते हैं, कभी भी अचानक बंद हो जाती हैं। आए दिन यह समस्याएं बनी रहती हैं। यह न सिर्फ असुविधा, बल्कि गंभीर सुरक्षा खतरा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *