ग्रेनो वेस्ट की इस सोसाइटी में नहीं मूलभूत सुविधाएं, लगातार छठे सप्ताह इन मांगों के लेकर रहिवासियों ने किया प्रदर्शन

top-news
ग्रेटर वेस्ट की सोसाइटियों के लोग परेशान

Greater Noida:  ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 2 में स्थित ईरोज सम्पूर्णम सोसाइटी के रहिवासी लगातार छठवें रविवार भी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए एकजुट हुए। यह विरोध निवासियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं – VCAM चार्ज हटाने, डीजी, बिजली संकट, पानी की किल्लत तथा खराब मेंटेनेंस सेवाओं को लेकर किया जा रहा है।

बिल्डर को दी चेतावनीः विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भाग लिया। ईरोज़ सेल्स ऑफिस के सामने प्रदर्शन कर प्रबंधन तक कड़ा संदेश दिया। निवासियों ने स्पष्ट कहा कि यदि बिल्डर या उसका कोई प्रतिनिधि बातचीत के लिए सामने नहीं आता है तो आने वाले रविवार 24 अगस्त को भी विरोध जारी रहेगा। निवासियों का कहना है कि चाहे बिल्डर अपनी ताक़त और धन का उपयोग कर विरोध को दबाने की कोशिश करे, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी माँगें पूरी नहीं हो जातीं।

बिल्डर निवासियों पर दबाव बनाने के प्रयास कर रहा 
बता दें कि प्रदर्शन के  पहले सप्ताह निवासियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन एस्टेट मैनेजर बबिश को सौंपा था। लेकिन ईरोज़ हायर मैनेजमेंट ने सभी मांगों को ठुकरा दिया। दूसरे सप्ताह निवासियों ने सेक्टर-3 पुलिस चौकी में लगातार विरोध और बिल्डर की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। जबकि  तीसरे सप्ताह बिल्डर और निवासियों के बीच बैठक का वादा किया गया, जो अब तक नहीं हुई। अब तक न तो बिल्डर और न ही नेहरू प्लेस स्थित मुख्य कार्यालय का कोई भी प्रतिनिधि निवासियों से बात करने आया है। इसके उलट, बिल्डर निवासियों पर दबाव बनाने के प्रयास कर रहा है।

प्रदर्शन रोकने के प्रयास और कानूनी कार्रवाई
2 अगस्त 2025 को कुछ निवासियों को बीएनएनएस 126/135 की नोटिस जारी की गई, जो सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज अजय कुमार सिंह की सिफारिश पर मजिस्ट्रेट द्वारा भेजी गई थी। निवासियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए साक्ष्यों सहित पत्र कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सेंट्रल नोएडा-2 के न्यायालय में प्रस्तुत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज ने झूठी रिपोर्ट देकर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया है और मामले की पुनः जांच की मांग की है। न्यायालय ने अगली सुनवाई की तिथि 22 अगस्त 2025 निर्धारित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *