सावधान! ग्रेटर नोएडा में इधर-उधर कूड़ा फेंकते ही लगेगा जुर्माना, प्राधिकरण कर रहा निगरानी
कूड़ा गाड़ी को कूड़ा न देने वालों पर ग्रेनो प्राधिकरण की नजर
- Shiv Kumar
- 19 Aug, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में इधर-उधर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वालों से प्राधिकरण सख्ती से निपटेगा। प्राधिकरण कूड़ा गाड़ी को कूड़ा न देने वालों की पहचान कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम सेक्टरवासियों की मदद से उन पर नजर रखेगी। ऐसे लोगों की सूची भी तैयार की जा रही है। इधर-उधर कूड़ा फेंकने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अभियान चलाने के बाद भी नहीं सुध रहे लोग
दरअसल, नियमित सफाई के बावजूद सेक्टरों और उसके आसपास, ग्रीन बेल्ट, सड़कों के किनारे कूड़ा दिख जाता है। कुछ लोग कूड़े को कूड़ा गाड़ी में न रखने के बजाय इधर-उधर फेंक देते हैं। इससे बाकी सेक्टरवासियों को परेशानी होती है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर लंबे समय से जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है, फिर भी लोग गीले व सूखे कूडे़ को सेग्रिगेट भी नहीं कर रहे और कूड़े को इधर-उधर फेंककर गंदगी फैला रहे हैं।
टीम घर जाकर लगा रही जुर्माना
जिसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कूड़ा गाड़ी पर तैनात टीम को उन घरों के पते नोट करने के निर्देश दिए हैं, जिनसे कूड़ा नहीं मिलता। प्राधिकरण का स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों पर नजर रख रहा है। टीम कूड़े में से फेंकने वाले का सुराग निकालकर उसके घर जाकर जुर्माना लगा रही है। इस कार्य में सेक्टर के लोग भी सहयोग कर रहे हैं। इससे कूड़ा फेंकने वालोें की पहचान आसानी से हो जाती है। प्राधिकरण का कहना है कि अगर इस कार्रवाई से भी लोग नहीं सुधरे तो उनकी फोटो सेक्टर के गेट या फिर आरडब्ल्यूए ऑफिस में चस्पा की जाएगी।
एसीईओ ने शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस का कहना है कि ग्रेटर नोएडा बहुत सुंदर शहर है। इसे स्वच्छ व हरा-भरा रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। सभी ग्रेटर नोएडावासियों से अपील है कि कूड़े को कूड़ा गाड़ी में ही डालें। गीले व सूखे कूड़े के लिए दो डस्टबिन रखें। कूड़े को उसमें एकत्रित कर लें और कूड़ा गाड़ी आने पर डस्टबिन का कूड़ा उसमें डालें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






