NCR में कार से घूम-घूम कर करते थे वाहनों की चोरी, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 2 वाहन चोरों को किया गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 19 Aug, 2025
Noida: नोएडा पुलिस ने एक बार फिर मुठभेड़ के बाद दो शातिर वाहन चोर को काबू किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक चोर घायल हो गया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से अवैध तमंचा, कार और चोरी का सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए बदमाश नोएडा एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी करते हैं। शातिर बदमाश कार से वाहन चोरी करने जाते थे।
पुलिस को देख कार रोकी औ उतरकर भागने लगे
एडीसीपी नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि मध्य रात्रि में सेक्टर-49 पुलिस द्वारा मेघदूतम पार्क तिराहा सेक्टर-50 के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा कार को रुकने का इशारा किया गया तो ड्राइवर ने करीब 50 मीटर पहले ही अपनी कार रोक दी। वहीं, कार से 2 व्यक्ति उतर कर भागने का प्रयास करने लगे। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा पीछा किया गया। इस पर बदमाशों ने अपने आपको घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग की।
चोरी की गई पिकअप बरामद
एडीसीपी ने बताया कि आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से 1 बदमाश घायल हो गया। घायल की पहचान जोगेन्द्र तोमर (35) निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। जिसके कब्जे से 1 तमंचा, 1 जिंदा कारतूस .315 बोर और 2000 रुपये नकद बरामद किए गए है। जबकि दूसरे बदमाश को पुलिस टीम द्वारा कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान दानिश (32) निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। इसके कब्जे से 2200 रुपये नकद बरामद किए गए है। दोनों के कब्जे से सेंट्रो कार बिना नम्बर प्लेट बरामद की गई है। सेंट्रो कार का प्रयोग वाहन चोरी में करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर बोलेरो पिकअप गाड़ी व अन्य गाड़ियों के कुछ स्पेयर पार्ट्स भी बरामद किए गए है। थाना सेक्टर-49 पर बरामद रुपयों व बोलेरो पिकअप चोरी के संबंध में केस दर्ज है। घायल वाहन चोर को अस्पताल में भर्ती कराया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






