सीवर में दो सफाईकर्मियों की मौत मामला, नोएडा प्राधिकरण ने तीन अफसरों पर की कार्रवाई

top-news
नोएडा प्राधिकरण

Noida: नोएडा सेक्टर-115 स्थित सीवर पंपिंग स्टेशन की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में प्राधिकरण ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। नोएडा प्राधिकरण सीईओ डॉ. लोकेश एम ने जांच रिपोर्ट के आधार पर जल खंड प्रथम के अवर अभियंता (संविदा) अनिल वर्मा को तीन माह के लिए सेवा मुक्त कर दिया है। वहीं, प्रबंधक पवन बर्नवाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है, जबकि प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।


शनिवार को सीवर टैंक की सफाई करते हुई थी मौत

गौरतलब है कि 16 अगस्त को सीवर पंपिंग स्टेशन की सफाई के दौरान दो सफाईकर्मियों की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई थी। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश को सौंपी गई थी। सोमवार देर रात उन्होंने अपनी रिपोर्ट सीईओ को सौंपी। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि घटना के समय सफाई कर्मियों को मास्क और सुरक्षा उपकरण तो दिए गए थे, लेकिन सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराई गई थी। यही नहीं, सीवर के बाहर मौजूद अवर अभियंता और ठेकेदार के कर्मचारियों के पास भी सेफ्टी बेल्ट नहीं थी। इसी वजह से हादसे के दौरान सफाई कर्मियों को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका और उनकी मौत हो गई।


नियमों की अनदेखी पर होगी कठोर कार्रवाई

जांच में अवर अभियंता, प्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधक तीनों की लापरवाही सामने आने के बाद प्राधिकरण ने यह कार्रवाई की है। साथ ही ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में किसी भी सफाई कर्मी को बिना पूरी सुरक्षा सामग्री के सीवर में न उतारा जाए। प्राधिकरण ने साफ कहा है कि नियमों की अनदेखी करने पर ठेकेदारों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।


अलीगढ़ के रहने वाले थे सफाई कर्मी

बता दें कि अलीगढ़ के महुआखेड़ा गांव के रहने वाले विकास और उसका चचेरा भाई खुशहाल परिवार संग सेक्टर 49 स्थित बरौला गांव में किराये पर रह रहे थे। दोनों ठेकेदार पुष्पेंद्र और अजीत के अधीन सीवर टैंक और नाली सफाई करते थे। शनिवार दोपहर को ठेकेदार पुष्पेंद्र ने दोनों को सेक्टर 115 स्थित सीवेज पंपिंग स्टेशन पर बुलाया और सीवर टैंक की सफाई करने के लिए कहा। दोनों टैंक में बिना सुरक्षा उपकरण के ही उतरकर सफाई करने लगे और मौत हो गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *