खुशखबरी! यमुना सिटी में बनेंगे ट्रैक्टर, जापान की कंपनी लगाएगी फैक्ट्री, 4000 लोगों को मिलेगा रोजगार

top-news
यमुना प्राधिकरण

Greater Noida: यमुना सिटी में लगातार उद्योगों के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। अब यमुना सिटी में जापान की कंपनी ट्रैक्टर का निर्माण करने जा रही है। सेक्टर-10 में करीब 190 एकड़ जमीन पर ट्रैक्टर का निर्माण शुरू करने के लिए फैक्ट्री लगाएगी। यमुना प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने सोमवार को कंपनी को जमीन आवंटन पत्र जारी कर दिया है। कंपनी की ओर से यहां करीब 4500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे करीब 4000 लोगों को रोजगार मिलेगा।


जमीन आवंटन पत्र जारी

सीईओ ने बताया कि एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड यमुना सिटी में ट्रैक्टर निर्माण का प्लांट लगाने की योजना है। भारतीय कंपनी एस्कॉर्ट्स ने वर्ष 2019 में जापानी कंपनी कुबोटा के साथ संयुक्त उपक्रम है। कंपनी यमुना सिटी के प्लांट में भारत के साथ विदेशी बाजारों में कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ट्रैक्टर का निर्माण करना चाह रही है। इसके लिए जमीन आवंटन का आशय पत्र जारी कर दिया गया है। अब कंपनी जमीन आवंटन की आगे की प्रक्रिया पूरी कराएगी। कंपनी की ओर से निर्माण जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया गया है।


एक साल पहले हुआ था करार

सीईओ ने बताया कि कंपनी ने 17 अगस्त 2024 को भारत सरकार के साथ एक समझौता किया था। समझौते में ट्रैक्टर निर्माण के लिए इकाई लगाने और रोजगार सृजन के अवसर पैदा करने पर सहमति बनी थी। सरकार के साथ हुई वार्ता में यमुना सिटी में करीब 200 एकड़ जमीन देने पर भी सहमति बनी थी। इस प्लांट से ट्रैक्टर निर्माण के अलावा पूरी दुनिया में आपूर्ति के लिए इंजन व अन्य कृषि उपकरण का निर्माण भी करने की योजना है। इस परियोजना में कुबोटा अपनी शोध भी भारतीय कंपनी से साझा करेगी।


पहले चरण में 2000 करोड़ का निवेश करेगी कंपनी

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जापानी कंपनी पहले चरण में 2000 करोड़ रुपये निवेश कर सकती है। जिसमें ट्रैक्टर प्लांट, वाणिज्यिक उपकरण प्लांट और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगीं। दूसरे चरण में बाजार की मांग और पहले चरण की संयंत्र क्षमता के उपयोग पर निवेश निर्भर करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *