खुशखबरी! तीन नए मेट्रो रूट की तैयारी तेज, बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा और बोड़ाकी जाना होगा आसान
- Shiv Kumar
- 20 Aug, 2025
Greater Noida:ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वालों के लिए खुशखबरी आई है। क्योंकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो लाने के लिए फिर से कवायद तेज हो गई है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो के सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक रूट समेत डिपो से बोड़ाकी और सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन मेट्रो के लिए डिटेल डिजाइन कंसल्टेंट (डीडीसी) को सलाहकार चुनने के लिए टेंडर जारी हो गया है।
सर्वे के लिए 24.21 करोड़ रुपये भुगतान
जानकारी के मुताबिक, सलाहकार तीनों रूट के सिविल डिजाइन, लागत, विद्युत यांत्रिक व ट्रैक के काम के लिए सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट एनएमआरसी को देगा। इसके लिए नोएडा मेट्रो करीब 24.21 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। सलाहकार को चयन के 5 साल तक इन तीनों रूट पर काम करना होगा। यह टेंडर नोएडा मेट्रो एमडी स्तर से जारी किया है।
तीनों रूट पर 31.595 किलोमीटर लंबाई
तीनों रूटों की कुल लंबाई 31.595 किलोमीटर होगी। ग्रेनो वेस्ट मेट्रो का सबसे बड़ा रूट सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक 17.345 किलोमीटर का है। इस दूरी में 11 स्टेशन बनाए जाने हैं। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूरी के लिए केंद्र के पास भेजा गया है, लेकिन वहां अभी प्रस्तुतिकरण नहीं हुआ है। दूसरा मेट्रो रूट सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक 11.56 किलोमीटर लंबा है। इस रूट पर 8 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। रूट की डीपीआर मंजूरी के लिए केंद्र में है। तीसरा मेट्रो रूट डिपो से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर का है। इस पर 2 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं, जिसकी केंद्र से भी मंजूरी मिल चुकी है। एनएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि डिटेल डिजाइन कंसल्टेंट की रिपोर्ट से टेंडर और फिर बाद में निर्माण करवाया जाना है। एजेंसी चयन के साथ सर्वे शुरू करवा दिया जाएगा। गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक रैपिड रेल की बीच में चर्चा से इस परियोजना की सुगबुगाहट तक पिछले कई महीनों से नहीं हो रही थी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






