Good News! दादरी-नोएडा के बीच फिर दौड़ेगी रोडवेज बस, यात्रियों को मिलेगी राहत

top-news
ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए राहत

Greater Noida: दादरी से नोएडा के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा अब दोबारा शुरू होने जा रही है। प्रशासन की ओर से इस रूट पर सिकंद्राबाद डिपो से बस चलाई जाएगी। फिलहाल एक बस रोजाना तीन से चार फेरे लगाएगी।


एक साल से ठप थी बस सेवा

जानकारी के मुताबिक, पहले दादरी बस स्टैंड से नोएडा बस स्टैंड तक सिकंद्राबाद डिपो की एक बस चलती थी। यह बस दिनभर में तीन से चार बार चक्कर लगाती थी, जिससे यात्रियों को किफायती और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलती थी। लेकिन लगभग एक साल पहले यह सेवा बंद कर दी गई। बस बंद होने के बाद दादरी से नोएडा आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।


समाजसेवियों की पहल से मिली मंजूरी

बस सेवा शुरू करने की मांग समाजसेवी डॉ. आनंद आर्य समेत दादरी के कई लोगों ने लगातार उठाई थी। उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए सिकंद्राबाद डिपो के एआरएम दिनेश सिंह ने अब इस रूट पर बस संचालन की मंजूरी दे दी है। उनका कहना है कि फिलहाल एक बस चलाई जाएगी, लेकिन अगर इस रूट पर सवारियों की संख्या अधिक रही तो बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए किराया और रूट तय करने की प्रक्रिया चल रही है।


ऑटो पर निर्भर थे यात्री

बस सेवा बंद होने के बाद यात्रियों को नोएडा आने-जाने के लिए मजबूरन ऑटो का सहारा लेना पड़ रहा था। कई बार दो से तीन ऑटो बदलने पड़ते थे, जिससे किराया भी अधिक देना पड़ता और समय भी ज्यादा लगता। सबसे अधिक परेशानी रोजाना दफ्तर आने-जाने वाले यात्रियों को होती थी। अब बस सेवा शुरू होने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। सिकंद्राबाद  एआरएम डिपो दिनेश सिंह ने बताया कि दादरी से नोएडा के बीच एक बस चलाई जाएगी। यह मांग लंबे समय से आ रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *