नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ब्रज के व्यंजनों का स्वाद मिलेगा, खुलेगा स्पेशल रेस्टोरेंट
- Shiv Kumar
- 20 Aug, 2025
Greater Noida: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ ब्रज की संस्कृति और स्वाद का भी अनुभव मिलेगा। एयरपोर्ट के कॉनकोर्स क्षेत्र में जल्द ही ‘ब्रज की गलियां’ नाम से एक विशेष रेस्टोरेंट खोला जाएगा। जहां आगंतुकों को पारंपरिक ब्रज व्यंजन परोसे जाएंगे।
रेस्टोरेंट में ये खाने परोसे जाएंगे
इस रेस्टोरेंट में यात्रियों को आलू के साथ बेड़मी पूरी, ब्रज की थाली, माखन-मिश्री और प्रसिद्ध पेड़ा जैसे व्यंजन परोसे जाएंगे। इन व्यंजनों का स्वाद यात्रियों को मथुरा-वृंदावन की गलियों की याद दिलाएगा। यह पहल न केवल स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देगी, बल्कि विदेश से आने वाले यात्रियों को भारतीय खान-पान और परंपरा से भी परिचित कराएगी।
भारतीय संस्कृति से होगा परिचय
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि यह रेस्टोरेंट केवल खाने-पीने की जगह नहीं होगा, बल्कि भारतीय संस्कृति का अनुभव कराने वाला केंद्र भी बनेगा। यहां आने वाले यात्रियों को पारंपरिक ब्रज संगीत और सजावट के बीच भोजन करने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी अनुभव होगा।
यात्रियों को मिलेगा नया अनुभव
अधिकारियों का कहना है कि ‘ब्रज की गलियां’ रेस्टोरेंट यात्रियों के सफर को और खास बनाएगा। विदेश से लौटने वाले भारतीयों को यहां घर जैसा अहसास होगा, वहीं पहली बार भारत आने वाले सैलानियों को स्थानीय खान-पान और संस्कृति की अनूठी झलक मिलेगी। रेस्टोरेंट के मेन्यू में स्थानीय व्यंजनों को खास तौर पर शामिल किया गया है, ताकि लोग ब्रज की समृद्ध पाक परंपरा को महसूस कर सकें। यात्रियों को माखन-मिश्री और पेड़ा जैसे व्यंजनों के साथ-साथ बेड़मी-पूरी और अन्य पारंपरिक पकवान परोसे जाएंगे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस अनूठे रेस्टोरेंट की शुरुआत से यात्रियों को आधुनिक हवाई सफर की सुविधाओं के साथ-साथ ब्रज की मिट्टी और संस्कृति का भी अहसास होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






