ग्रेटर नोएडा में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी छापेमारी, एक घर में रिमोर्ट से कंट्रोल हो रहा था मीटर

top-news
विजिलेंस टीम की दादरी क्षेत्र में 80 जगह छापेमारी, 18 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई

Greater Noida: गौतमबुद्ध नगर जिले में बिजली चोरी के खिलाफ गुरुवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन के नेतृत्व में विजिलेंस की टीम ने दादरी क्षेत्र समेत 80 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 18 से ज्यादा जगहों पर बिजली चोरी के मामले उजागर हुए। इस दौरान टीम को चिटहेरा गांव में हाईटेक तरीके से की जा रही बिजली चोरी का बड़ा मामला पता चला है।


हाईटेक तरीके से की जा रही थी चोरी

चिटहेरा और धूममानिकपुर गांव में विशेष अभियान चलाया गया। जांच में टीम को पहली बार हाईटेक तरीके से की जा रही बिजली चोरी का मामला पकड़ने में सफलता मिली। एक घर में केवल 8 किलोवाट का अधिकृत कनेक्शन था, लेकिन वहां 24 किलोवाट का लोड इस्तेमाल हो रहा था। जांच करने पर पता चला कि मीटर में सेंसर लगाया गया था, जो रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रहा था। इस तकनीक से मीटर में वास्तविक खपत दर्ज ही नहीं हो रही थी।


68 घरों की जांच, 16 में गड़बड़ी

अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि केवल दादरी इलाके में ही 68 घरों की जांच की गई, जिनमें से 16 कनेक्शनों में गड़बड़ी पाई गई। टीम के पहुंचते ही कई क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। वहीं, मिलीभगत करने वाले विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों की सूची भी तैयार की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *