निक्की मर्डर केस में बड़ा खुलासा, पति विपिन ने नहीं जलाया था, बुटीक और इंस्टाग्राम चलाने को लेकर हुआ था विवाद
- Shiv Kumar
- 25 Aug, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी की मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। हत्या की वजह दहेज नहीं बल्कि बुटीक, इंस्टाग्राम पर रील डालने को लेकर हुई है। जो पति विपिन भाटी को बर्दाश्त नहीं था। वहीं, मुठभेड़ के बाद घायल विपिन मीडिया से बातचीत में खुद को निर्दोष बताया। उसने कहा, “मैंने उसे नहीं मारा। वो खुद मर गई। पति-पत्नी के बीच झगड़े तो आम होते हैं।
बुटीक और इंस्टाग्राम से नाखुश था पति
दरअसल, निक्की अपने घर में बुटीक चलाती थी जबकि उसकी भाभी कंचन ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी। विपिन को यह सब पसंद नहीं था। उसे दोनों बहनों का इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहना भी नागवार गुजरता था। सोनू भाटी ने बताया कि निक्की और कंचन अक्सर इंस्टाग्राम पर रील व फोटो पोस्ट करती थीं, जिस पर लोग भद्दी टिप्पणियां करते थे। यही कारण था कि आए दिन घर में झगड़े होते रहते थे।
निक्की ने खुद पर थिनर डाला
पिछले साल नवंबर में भी इसी विवाद को लेकर निक्की से मारपीट हुई थी, जिसका एक वीडियो वायरल हुआ। बाद में पंचायत के जरिए समझौता हुआ और बुटीक बंद कर दिया गया। लेकिन हाल ही में निक्की और कंचन ने दोबारा बुटीक खोलने की योजना बनाई, जिससे विवाद फिर बढ़ गया। परिवार वालों के अनुसार, जिस दिन घटना हुई, उस समय विपिन और उसके पिता घर के बाहर थे। मां दया दूध लेने गई थी जबकि बड़ा भाई रोहित काम से बाहर था। इस दौरान निक्की ने खुद पर थिनर डाला।
पैसों के विवाद ने भी बढ़ाया तनाव
निक्की के मायके पक्ष से जुड़ा एक और विवाद भी सामने आया है। निक्की के भाई की शादी पाली पल्ली गांव में हुई थी, लेकिन उसने दूसरी युवती के चक्कर में अपनी पत्नी को छोड़ दिया। इस विवाद का फैसला विपिन के पिता ने कराया था और 35 लाख रुपये का समझौता हुआ। रिश्तेदारी निभाने के लिए विपिन के पिता ने रकम देने की हामी भरी थी। बताया जा रहा है कि इन्हीं पैसों को लेकर भी घर में तनाव बढ़ा था।
अवैध संबंध का वीडियो वायरल
विवाद को और उलझाने वाली एक और कड़ी सामने आई है। सोशल मीडिया पर विपिन का वर्ष 2024 का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कार में एक लड़की के साथ पकड़ा गया। कुछ लोग विपिन का कॉलर पकड़कर माफी मंगवा रहे हैं जबकि कार में युवती बैठी है। हालांकि, परिजनों ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






