खुशखबरी! ग्रेटर नोएडा में यहां बनेगा 100 बेड का हाईटेक अस्पताल, 50 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा फायदा
- Shiv Kumar
- 25 Aug, 2025
Greater Noida: लंबे समय से आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे दादरी व बिसरख ब्लॉक के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिसाहड़ा गांव में 100 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए करीब पांच एकड़ जमीन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। जल्द ही यहां अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
इस अस्पताल की नींव मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की घोषणा से जुड़ी है। 8 मार्च को एनटीपीसी गेट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने 100 बिस्तरों का अस्पताल बनाने का ऐलान किया था। यह घोषणा अब जमीन पर उतरने जा रही है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल
नए अस्पताल में 25 डॉक्टरों की टीम तैनात की जाएगी। यहां मरीजों को जिला अस्पताल जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, सर्जरी समेत सभी प्रकार की आधुनिक जांच व इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। ग्रामीण क्षेत्र में यह अस्पताल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
50 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
अस्पताल बनने से बिसाहड़ा गांव के साथ-साथ आसपास के करीब 25 गांवों के 50 हजार से अधिक लोग लाभांवित होंगे। इनमें धूममानिकपुर, डेरी स्केनर, अच्छेजा, सादोपुर, छपरौला, गिरधरपुर, बिश्नूली, सादोपुर छिडौली, कचैडा, दुजाना, कल्दा, महावड बम्बावड, आकलपुर, प्यावली, जैतवारपुर, रसूलपुर, सीदीपुर, ततारपुर, चौना, ऊंचा अमीरपुर, खंगोडा, जारचा आदि गांव शामिल हैं।
8 मार्च को सीएम ने की थी घोषणा
दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री से क्षेत्र के लिए इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज और 100 बिस्तर के अस्पताल की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने 8 मार्च की जनसभा में बिसाहड़ा गांव में अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। अब जमीन का चयन हो चुका है और स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित भी कर दी गई है। जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा और जनता को इसका लाभ मिलेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






