नोएडा में डेंगू का प्रकोप, तीन नए मरीजों के साथ संख्या 56 पहुंची

top-news
जानिए डेंगू से कैसे बचें

Noida: बारिश के मौसम में नोएडा जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को जिले में तीन और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस तरह अब कुल संक्रमितों की संख्या 56 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से मरीजों के उपचार और बीमारी पर नियंत्रण के लिए प्रयासरत है।


एक मरीज की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि तीन नए मरीजों में से एक को गंभीर स्थिति के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि दो मरीज घर पर उपचार ले रहे हैं। मरीजों से विभाग की ओर से नियमित रूप से फोन पर संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि डेंगू संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव करा रही हैं। इसके अलावा, नोएडा की विभिन्न सोसाइटियों और कॉलोनियों के बेसमेंट व जलभराव वाले क्षेत्रों का विशेष निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म किया जा सके। डेंगू की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात बरतना बेहद ज़रूरी है। मलेरिया अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अपने घरों और आसपास पानी न ठहरने दें। कूलर, गमले और खाली डिब्बों में नियमित रूप से पानी बदलते रहें।


डेंगू के सामान्य लक्षण

डेंगू होने पर आमतौर पर तेज बुखार आना, तेज सिरदर्द और आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, भूख न लगना और उल्टी की समस्या, त्वचा पर लाल चकत्ते या रैशेज, प्लेटलेट्स की संख्या में कमी हो जाती है। इनमें से कोई लक्षण दिखें तो तुरंत डाक्टर से सलाह लें।


डेंगू से बचाव के उपाय

एहतियात ही डेंगू से बचने का सही और कारगर उपाय है। ऐसे में घर और आसपास पानी जमा न होने दें। पानी की टंकियों, कूलर और गमलों को साफ रखें या ढककर रखें। पूरी बाजू के कपड़े पहनें और शरीर को ढककर रखें। मच्छरदानी और रिपेलेंट का प्रयोग करें। घर और सोसाइटी में नियमित रूप से फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराएं। हल्का बुखार या डेंगू के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *