ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण पर गरजेगा बुलडोजर, जानिए किस-किस दिन कहां होगी कार्रवाई?

top-news
रोस्टर तैयार

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में अब जमकर बुलडोजर गरजेगा। ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण अभियान पुरजोर तरीके से चलाने की जिला प्रशासन की टीम ने खाका खींच लिया है। इसकी शुरुआत बुधवार से होगी। जिला प्रशासन का बुलडोजर बुधवार को सुत्याना गांव के पास अवैध निर्माण पर चलेगा। एसडीएम सदर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व स्थानीय पुलिस की टीमों के नेतृत्व में अवैध निर्माण को ध्वस्त होगा।


सुत्याना गांव में कल चलेगा बुलडोजर

जिला प्रशासन ने पूरे सप्ताह कार्रवाई का रोस्टर भी तैयार किया है। जिसके आधार पर अलग-अलग दिनों में अलग-अलग तहसील क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ जिला बुलडोजर दौड़ेगा। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र के सुत्याना गांव में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रविधानों के तहत 27 अगस्त दोपहर तीन बजे गाटा संख्या 721, 722, 723 और 724 पर विकसित अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दादरी तहसील क्षेत्र में हर मंगलवार, सदर तहसील क्षेत्र- हर बुधवार और जेवर तहसील क्षेत्र में हर बृहस्पतिवार को अवैध निर्माण पर कार्रवाई होगी।


डीएम ने गठित की समिति, रिपोर्ट प्रस्तुत करने दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने अवैध निर्माण ध्वस्त करने के लिए समिति भी गठित की है। जिसमें एसडीएम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक, सहायक पुलिस आयुक्त, सहायक अभियंता यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सहायक सिचाई विभाग समेत स्थानीय तहसीलदार को शामिल है। सभी सदस्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी-अपनी टीमों और पर्याप्त संसाधनों के साथ निर्धारित समय पर ध्वस्तीकरण कराएं। जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों से कहा है कि ध्वस्तीकरण के कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट एडीएम वित्त को सौंपने होगी। एडीएम वित्त तीनों तहसील क्षेत्रों की कार्रवाई की रिपोर्ट हर शुक्रवार को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *