निक्की हत्याकांड; वारदात के दिन बंद थे घर के सीसीटीवी, भाभी ने निक्की और उसके परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
- Shiv Kumar
- 27 Aug, 2025
Greater Noida: निक्की भाटी हत्याकांड से जुड़ा मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है। अब निक्की की भाभी मीनाक्षी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें उन्होंने निक्की के परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मीनाक्षी की शादी 2016 में निक्की के बड़े भाई रोहित से हुई थी। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और मारपीट की जाती रही।
भाभी की पिटाई करती थी निक्की-कंचन
मीनाक्षी ने आरोप लगाया कि पिता की ओर से शादी में कार, सोना और अन्य सामान देने के बावजूद उनके ससुरालवालों की मांगें बढ़ती गईं। वह केवल नौ माह ही ससुराल में रह पाईं, इसके बाद उन्हें लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ी। आरोप है कि मारपीट में निक्की और उसकी बहन कंचन भी शामिल रहती थीं। 2020 में जब प्रताड़ना चरम पर पहुंची तो मीनाक्षी ने पति रोहित और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। हालांकि पंचायत के दबाव में कुछ दिन बाद वह दोबारा ससुराल लौटीं, लेकिन फिर से पिटाई और प्रताड़ना शुरू हो गई। अंततः वह जान बचाकर मायके लौट आईं और तब से वहीं रह रही हैं। रोहित ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मीनाक्षी अपनी मर्जी से मायके में रह रही है और कई बार लाने की कोशिश के बावजूद वह वापस आने को तैयार नहीं हैं। रोहित ने मीनाक्षी के आरोपों को निराधार बताया है।
वारदात के दिन निक्की के घर के सीसीटीवी थे बंद
इधर, निक्की भाटी हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस को एक अहम जानकारी मिली है। जांच में सामने आया कि आरोपी विपिन के घर में कुल आठ सीसीटीवी कैमरे लगे थे, जिनमें चार बाहर और चार घर के भीतर। लेकिन घटना के समय सभी कैमरे बंद मिले। पुलिस को संदेह है कि घटना को छिपाने के लिए कैमरे बंद किए गए थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 21 अगस्त की शाम को फोर्टिस अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ था, जिसमें लिखा गया कि निक्की सिलिंडर फटने से झुलसी है। अस्पताल से उसे तुरंत सफदरजंग रेफर किया गया, लेकिन रात करीब 10 बजे निक्की की मौत हो गई। मौत के बाद निक्की के परिजन शव को दादरी के रूपवास गांव ले गए और अगले दिन 22 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे सिरसा गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
ससुर ने दी निक्की को मुखाग्नि
अंतिम संस्कार में मायके पक्ष के साथ-साथ आरोपी ससुर सतवीर, जेठ रोहित, विपिन के चाचा व ताऊ भी मौजूद रहे। चिता को मुखाग्नि निक्की के ससुर ने दी। इस दौरान निक्की का बेटा भी वहां मौजूद था। निक्की की सास महिला होने के कारण अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुईं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें निक्की के ससुर को मुखाग्नि देते हुए देखा जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






