ग्रेटर नोएडा के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 70 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त
- Shiv Kumar
- 28 Aug, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सुथ्याना गांव के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी पर बुधवार को बुलडोजर चला दिया। इस दौरान कई नए निर्माण ध्वस्त कर लगभग 13 हेक्टेयर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। इस जमीन की कीमत करीब 70 करोड़ रुपये है। वहीं, जिन मकानों में लोग रह रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी किया गया है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
चेतावनी के बावजूद भी निर्माण नहीं बंद
एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत यह कार्रवाई की गई है। सुथ्याना गांव के खसरा नंबर-4 पर अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही थी। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद जब निर्माण कार्य बंद नहीं हुआ तो जिलास्तरीय टीम ने बुलडोजर चलाकर जमीन खाली कराई। कार्रवाई के दौरान चाहरदीवारी कर बनाए जा रहे कई नए मकानों को तोड़ा गया। एसडीएम ने बताया कि इस कार्रवाई में 13 हेक्टेयर जमीन तो कब्जामुक्त कराई ही गई, साथ ही लगभग 70 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को भी अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया। जिन मकानों में लोग रह रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी कर खाली कराया जाएगा। इसके बाद उन पर भी बुलडोजर चलेगा।
प्राधिकरण और यूपीपीसीबी के अधिकारी रहे नदारद
एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक और यूपीपीसीबी (उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के सहायक अभियंता को भी बुलाया गया था। लेकिन दोनों अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को रिपोर्ट भेज दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि डूब क्षेत्र में कई वर्षों से अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। बावजूद इसके संबंधित विभागों ने समय रहते कोई सख्त कदम नहीं उठाया। अब प्रशासन की इस कार्रवाई से जमीन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






