ग्रेनो में डॉग शेल्टर होम बनाने की अपनी योजना में बदलाव, खूंखार और आक्रामक कुत्तों पर फोकस होगा

top-news
तीन डॉग शेल्टर होम विकसित किए जा रहे

Greater Noida: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डॉग शेल्टर होम बनाने की अपनी योजना में बदलाव किया है। अब इन शेल्टर होम में सिर्फ स्टरलाइजेशन ही नहीं, बल्कि खूंखार और आक्रामक कुत्तों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि इन शेल्टर होम का मुख्य उद्देश्य कुत्तों की संख्या नियंत्रण के साथ-साथ उनकी सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित करना है।


तीन डॉग शेल्टर होम विकसित किए जा रहे 

फिलहाल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पास कुत्तों के लिए कोई स्थायी शेल्टर होम नहीं है। इसी कड़ी में शहर के अलग-अलग हिस्सों में तीन डॉग शेल्टर होम विकसित किए जा रहे हैं। प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन पूरी तरह किया जाएगा। पहले योजना थी कि शेल्टर होम में सभी प्रकार के कुत्तों को रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था की जाए, लेकिन अब इसमें स्टरलाइजेशन की क्षमता बढ़ाने और आक्रामक कुत्तों के प्रबंधन को प्राथमिकता दी गई है।


शेल्टर होम के निर्माण जारी

एसीईओ ने बताया कि इन शेल्टर होम के निर्माण की प्रक्रिया जारी है। टेंडर प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और इस काम का जिम्मा केवल अनुभवी एजेंसियों को ही सौंपा जाएगा। कुछ एजेंसियों ने प्राधिकरण से संपर्क किया है और उन्हें परियोजना की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।वर्तमान में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 12 से 14 कुत्तों का ही स्टरलाइजेशन हो पाता है, जबकि वास्तविक आवश्यकता इससे कहीं अधिक है। अभी तक केवल एचसीएल फाउंडेशन सीएसआर मद में प्राधिकरण के साथ मिलकर इस परियोजना पर काम कर रहा है। लेकिन नए डॉग शेल्टर होम बनने के बाद यह क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी। योजना के मुताबिक, करीब 400 कुत्तों का रोजाना स्टरलाइजेशन किया जा सकेगा। इस कदम को शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *