नोएडा सहित दिल्ली एनसीआर में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, जलभराव से बढ़ी लोगों की मुश्किलें
दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित
- Shiv Kumar
- 29 Aug, 2025
Noida: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में शुक्रवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था, जो सच साबित हुआ। तेज हवाओं और लगातार झमाझम बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। कई इलाकों में स्थिति इतनी खराब है कि बच्चों के स्कूलों तक में पानी घुस गया, जिसके चलते कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी।
छह दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
देशभर में मानसून सक्रिय है और दिल्ली-एनसीआर भी इसकी चपेट में है। पिछले कई दिनों से यहां लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में यह सिलसिला अगले छह दिनों तक जारी रह सकता है। 3 सितंबर तक लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाए और अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। दोपहर और शाम तक भी तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं 30 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि 2 और 3 सितंबर को छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
गर्मी से राहत, लेकिन परेशानियां बढ़ीं
बरसात ने लोगों को उमस और गर्मी से तो राहत दी है, लेकिन दूसरी ओर इससे आवाजाही में मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। थोड़ी देर की बारिश ने ही दिल्ली और नोएडा की कई सड़कों को तालाब में बदल दिया। निचले इलाकों में जलभराव की समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। भारी बारिश की सबसे ज्यादा मार ऑफिस आने-जाने वाले लोगों पर पड़ी। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम से बड़ी संख्या में लोग रोजाना दफ्तरों के लिए निकलते हैं। लेकिन सुबह के समय हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे, जबकि कुछ लोग बारिश और पानीभराव के कारण घरों से बाहर ही नहीं निकल पाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






