नोएडा में एक बार फिर मुठभेड़, कंपनी में चोरी करने वाला शातिर पुलिस की गोली का शिकार

top-news
ईकोटेक थर्ड थाना पुलिस ने की कार्रवाई

Noida: ईकोटेक थर्ड-3 थाना पुलिस की चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से चोर घायल हो गया। चोर ने कुछ दिन पहले ही अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में दोनों साथियों को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। 

डूब क्षेत्र में पेट्रोलिंग करते समय हुई मुठभेड़
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शेव्या गोयल ने बताया कि देर रात्रि में थाना इकोटेक-3 पुलिस द्वारा यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के दृष्टिगत डूब क्षेत्र- पुस्ता रोड कुलेसरा में पेट्रोलिंग की जा रही थी। तभी ग्राम लखनावली की तरफ से एक व्यक्ति रेहड़ा पर सामान लादे हुए आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को पेट्रोलिंग करता देख व्यक्ति पुस्ता रोड से नीचे लिंक रोड पर रेहड़ा लेकर भागने का प्रयास करने लगा। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा पीछा किया गया तो उक्त व्यक्ति द्वारा अपने आप को घिरता देख फायर किया गया।
गोली लगने से घायल
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान इमरान निवासी बिजनौर के रूप में हुई है। इसके कब्जे से 1 तमंचा मय 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस .315 बोर, 21 एल्युमिनियम के छोटे-बड़े फ्रेम व 01 रेहड़ा रिक्शा बरामद किया गया है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कंपनी के गोदाम में की थी चोरी
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान घायल बदमाश ने बताया कि बीती रात उसने पुष्पेन्द्र  निवासी हरदोई और कन्हैया निवासी हमीरपुर वर्ष के साथ मिलकर ग्राम हबीवपुर में एक प्राइवेट कम्पनी के गोदाम में चोरी की थी। इसके संबंध में थाना इकोटेक-3 पर केस दर्ज है।  आरोपी के दोनों साथियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। सभी आरोपी नोएडा में किराए के मकान में रहकर चोरी करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *