यमुना का कहर जारी, नोएडा और दिल्ली में बाढ़ से हालत बेकाबू, घरों में घुसा पानी

top-news
यमुना और हिंडन का जलस्तर बढ़ा, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा

Noida: यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए 206.78 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान (205.33 मीटर) से ऊपर है। भारी बारिश और हथिनीकुंड व वजीराबाद बैराज से छोड़े गए पानी ने दिल्ली और नोएडा के निचले इलाकों में तबाही मचा दी है। भारी बारिश को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर के  स्‍कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी के आदेश पर नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्‍कूलों में 3 सितंबर को बंद रहेंगे।

दिल्ली के कई इलाकों में हालत बदतर
यमुना में बाढ़ से दिल्ली के झरोड़ा कलां, मयूर विहार और यमुना बाजार जैसे इलाकों में पानी घरों तक घुस चुका है। सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं और लोग अपने घरों का सामान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं।

नोएडा में फसलें बर्बाद, किसान बेहाल
नोएडा के सेक्टर-125 से सेक्टर-151 तक खेतों में यमुना का पानी भर गया है। लाखों रुपये की सब्ज़ी और गुलाब की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसानों का कहना है कि पानी लगातार बढ़ रहा है और बची-खुची फसल भी नष्ट होने का खतरा है।  एडीएम वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार ने बताया कि अब तक करीब 1500 गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, 600 से अधिक लोगों को शरणालयों में रोका गया है, जहां भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिले में 19 बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं और 15 शरणालय बनाए गए हैं।

हिंडन का भी बढ़ा जलस्तर, शरणालयों में लोग ठहरे
ग्रेटर नोएडा में हिंडन नदी का जलस्तर 199.95 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 205.08 मीटर है। हालांकि यह अभी खतरे के स्तर से नीचे है, लेकिन किनारे तक बने अवैध मकानों में पानी घुस गया है। प्रशासन ने एहतियातन 100 से अधिक घरों को खाली करा दिया है। प्रभावित परिवारों को स्कूलों में बनाए गए शरणालयों में ठहराया गया है, जहां पानी, खाना और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एसडीएम दादरी अनुज नेहरा ने बताया कि छिजारसी और चोटपुर गांव के पास डूब क्षेत्र में बने कई घर प्रभावित हुए हैं। लोगों को साक्षी पब्लिक स्कूल में शिफ्ट किया गया है। फिलहाल हिंडन में बाढ़ का खतरा नहीं है, लेकिन प्रशासन ने सभी टीमों को अलर्ट पर रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *