ग्रेनो वेस्ट की इस सोसाइटी में हंगामा, बिल्डर के बाउंसरों ने निवासियों के साथ की धक्का-मुक्की, जानिए क्यों?

top-news
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है।

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के  के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित इरोस संपूर्णम सोसाइटी में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सोसाइटी के निवासी बिल्डर प्रबंधन से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान बाउंसरों और सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आठ सप्ताह से धरना प्रदर्शन
सोसाइटी में रहने वाले लोग पिछले आठ सप्ताह से मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि सोसाइटी में बिजली का दुगना बिल वसूला जा रहा है। पीने का साफ पानी, उचित पार्किंग, लिफ्ट और सुरक्षा जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। सोसाइटी के कुछ निवासी बिल्डर की डायरेक्टर अवनीश सूद से मिलने बुधवार को सेल्स ऑफिस पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान बाउंसर और सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें अंदर जाने से रोका और जबरन धक्का-मुक्की की। निवासियों ने बताया कि वरिष्ठ कर्मचारी संजय गुप्ता ने उनसे अभद्र व्यवहार किया।
एक्स AOA और बिल्डर की मिलीभगत
सोसाइटी निवासी चंदन सिंह और प्रवीन मेहरा किसी तरह ऑफिस में पहुंचे, लेकिन इसी बीच अवनीश सूद पिछले दरवाजे से यह कहते हुए निकल गए कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। संजय गुप्ता ने कहा कि "हम सिर्फ एक्स-AOA सदस्यों की बात सुनेंगे, वे ही हमारे संपर्क में हैं। निवासियों का आरोप और मजबूत हो गया कि बिल्डर प्रबंधन और पूर्व AOA सदस्य मिलकर सोसाइटी में राजनीति कर रहे हैं और जानबूझकर नए चुनाव को टाल रहे हैं।

स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सोसाइटी की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती परेशानियों और बिल्डर की उदासीनता से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।  हम पिछले दो महीने से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। बिल्डर न तो हमारी समस्याएं सुनता है और न ही सुविधाएं देता है। अब बाउंसरों से धक्का-मुक्की तक कराई जा रही है। यह सरासर अन्याय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *