ग्रेटर नोएडा के मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी के बाहर बवाल, दो गुटों में चले लाठी-डंडे, वीडियो वायरल

top-news
वीडियो वायरल की जांच शुरू

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र की मिग्सन ट्विन्स सोसाइटी के बाहर बुधवार देर रात दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के युवक गाड़ी से आए और लाठी-डंडों से दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते सड़क पर दोनों गुट भिड़ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर चर्चा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों पक्षों के युवक सड़क पर लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं। आसपास मौजूद लोग और राहगीर डर के कारण दूर खड़े होकर मंजर देखते रहे। सोसाइटी के बाहर हुई इस मारपीट से स्थानीय निवासी सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से उनकी सुरक्षा पर सवाल उठता है।

दहशत में सोसाइटी के लोग
एक निवासी ने कहा कि हम अपने परिवार के साथ यहां सुरक्षित माहौल की उम्मीद से रहते हैं, लेकिन आए दिन इस तरह के झगड़े चिंता बढ़ा रहे हैं। पुलिस को नियमित गश्त करनी चाहिए। दूसरे निवासी ने कहा  कि रात को शोर-गुल सुनकर बच्चे डर गए। हमें डर है कि कहीं सोसाइटी के भीतर भी विवाद न फैल जाए। घटना के बाद निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सोसाइटी के बाहर सुरक्षा बढ़ाने और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो माहौल और बिगड़ सकता है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पाकर सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों गुटों को तितर-बितर कर हालात काबू में किए। थाना सूरजपुर प्रभारी का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच हो रही है। इसमें शामिल युवकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *