मुंबई को 400 किलो RDX से उड़ाने की दी धमकी, नोएडा पुलिस ने धमकीबाज को किया गिरफ्तार, जानिए कौन है?
- Nownoida editor1
- 06 Sep, 2025
Noida:मुंबई में गणेश चतुर्थी पर धमाके करने की धमकी देने वाले को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अनंत चतुर्दशी के दिन शहर को दहलाने की धमकी देने वाले शख्स को नोएडा पुलिस ने मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है। CP लक्ष्मी सिंह ने जानकारी मिलते ही टीमों का गठन कर दिया था। इसके बाद थाना सेक्टर 113 इलाके में रहने वाले आरोपी को स्वाट टीम ने पकड़ कर मुंबई पुलिस के हवाले किया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
मुंबई पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने बम विस्फोट की धमकी देने वाले अश्विन कुमार सुप्रा (50) को नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। धमकी देने में इस्तेमाल किया गया फ़ोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया गया है। आरोपी को नोएडा से मुंबई ले जाया गया। जहां पर पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खुद को ज्योतिष बताता है आरोपी
बता दें कि बिहार का रहने वाला अश्विनी पिछले पांच सालों से नोएडा में रह रहा था। अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था, लेकिन उसकी करतूत ने उसके इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नोएडा के सेक्टर-113 से पकड़े गए अश्वनी ने मुंबई पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर गुरुवार को एक खतरनाक संदेश भेजा था।
34 गाड़ियों में 34 'ह्यूमन बम' लगाने की बात कही थी
अश्विनी ने अपने मैसेज में लिखा था कि मुंबई में कई गाड़ियों में बम रखे गए हैं, जिनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल होगा। ये धमाके पूरे शहर को हिलाकर रख देंगे और करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आएंगे। इतना ही नहीं, अश्वनी ने खुद को पाकिस्तान की एक जिहादी संगठन 'लश्कर-ए-जिहादी' का सदस्य बताते हुए दावा किया था कि 14 आतंकी मुंबई शहर में घुस चुके हैं। यह भी कहा था कि 34 गाड़ियों में 34 'ह्यूमन बम' लगाए जा चुके हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







