ग्रेटर नोएडा वेस्ट आवारा कुत्तों का आतंक, इस सोसाइटी में बच्चे पर किया हमला, पैर पर कई जगह काटा
- Shiv Kumar
- 06 Sep, 2025
Greater Noida: गौतमबुद्ध नगर में आवारा कुत्तों की समस्या रुकने का नाम नहीं ले रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद अभी आवारा कुत्तों पर अंकुश नहीं लगाया जा सका है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित शाहबेरी स्थित श्री श्याम अपार्टमेंट फर्स्ट में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मार्केट में सामान लेने गए एक मासूम बच्चे को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया। घटना के बाद से सोसायटी के लोगों में भारी रोष है और सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है।
अचानक पीछे से किया हमला
सोसाइटी निवासी विवेक ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले प्रदीप (फ्लैट नंबर वीजी-4) का बेटा सुबह करीब 11 बजे सोसायटी के पीछे बनी मार्केट में सामान लेने गया था। तभी अचानक एक आवारा कुत्ते ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के पैर को पकड़ लिया और कई जगह गहरे दांत गड़ा दिए। बच्चे की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोर मचाकर कुत्ते को वहां से भगाया और बच्चे को तुरंत उसके परिजनों के पास पहुंचाया। घायल हालत में परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए।
बच्चे को महीने का बेड रेस्ट
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का प्राथमिक उपचार किया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे के पैर पर गहरे घाव हैं और उसे कम से कम एक महीने का बेड रेस्ट करना होगा। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी डर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसायटी और आसपास की गलियों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ये कुत्ते अक्सर बच्चों और बुजुर्गों के पीछे भागते हैं, जिससे लोग दहशत में रहते हैं। निवासियों ने प्रशासन और प्राधिकरण से अपील की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़कर यहां से हटाया जाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






