सूरजपुर के 15 किसानों को मिले आबादी भूखंड, विधायक तेजपाल ने सौंपे आवंटन पत्र
शीघ्र ही लीज प्लान बनवाकर चेकलिस्ट जारी होगा
- Shiv Kumar
- 12 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में ग्राम सूरजपुर के 15 किसानों को 6 प्रतिशत आबादी भूखंड बृहस्पतिवार को मिल गए हैं। दादरी से विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने किसानों को आवंटन पत्र सौंपा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में सूरजपुर के किसानों को 6 प्रतिशत आबादी भूखंडों का आवंटन पत्र दिया गया। इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने प्राधिकरण की तरफ से किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आश्वासन दिया। एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने किसानों के नाम इन भूखंडों का शीघ्र ही लीज प्लान बनवाकर चेकलिस्ट जारी करने और लीज डीड कराए जाने की बात कही है।
आर्थिक स्वतंत्रता और सुरक्षित भविष्य का आधार
इस मौके पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि सरकार किसानों की भलाई के लिए पूरी तरह समर्पित है। किसानों को न्याय दिलाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता है। आज जो प्लॉट दिए गए हैं, वे सिर्फ जमीन के टुकड़े नहीं हैं, बल्कि किसानों और उनके परिवारों की आर्थिक स्वतंत्रता और सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है ताकि गांव और शहर दोनों का विकास हो।
किसानों ने आभार जताया
वहीं, किसानों ने प्राधिकरण और विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कदम उनके परिवारों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देगा। सरकार की यह पहल उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। कार्यक्रम में मौजूद सत्यपाल शर्मा (जिला मंत्री भाजपा), लक्ष्मण सिंघल (पूर्व महामंत्री भाजपा), सुबे चौहान (मलकपुर से)इन नेताओं ने किसानों को बधाई दी। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्राधिकरण के अधिकारीगण मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






