जेवर एयरपोर्ट के पास गरजा बुलडोजर, अवैध कालोनियों को किया ध्वस्त

top-news
छह अवैध कॉलोनियां जमींदोज, करोड़ों की जमीन मुक्त

जेवर एयरपोर्ट के पास गरजा बुलडोजर, अवैध कालोनियों को किया ध्वस्त
Greater Noida: जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम पर तेजी से काटी जा रही अवैध कॉलोनियों पर यमुना प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने जेवर और उसके आसपास बने छह से अधिक अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। सुबह से शुरू हुआ अभियान देर शाम तक चला। प्राधिकरण की टीम 12 बुलडोजर और पुलिस बल के साथ पहुंची और शाम 5 बजे तक अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई जारी रही। इस दौरान करीब चार लाख वर्गमीटर जमीन, जिसकी कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये है, को मुक्त कराया गया।

कॉलोनाइजरों में हड़कंप, सदमे में खरीदार 
यीडा की इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। वहीं, इन कॉलोनियों में जीवनभर की कमाई लगाकर प्लॉट खरीदने वाले सैकड़ों लोग सदमे में हैं। खरीदारों का आरोप है कि जब कॉलोनाइजर सड़क, पार्क और अन्य सुविधाओं का दिखावा कर प्लॉट बेचते हैं, उस वक्त प्राधिकरण कोई कार्रवाई नहीं करता। कार्रवाई तब होती है जब कॉलोनाइजर लोगों से पैसा वसूलकर निकल जाते हैं।

बहकावे में न आएं
यमुना प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के आसपास किसी भी अवैध कॉलोनी में निवेश न करें। अधिसूचित क्षेत्र में बिना जांच-परख किए प्रॉपर्टी डीलरों के झांसे में आने से बचें। प्राधिकरण ने साफ किया कि जेवर और आसपास की अवैध कॉलोनियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

यीडा ओएसडी  नेतृत्व में चला अभियान
अभियान का नेतृत्व यीडा के ओएसडी शैलेंद्र सिंह ने किया। सहाबनगर, डूढेरा और गोपालगढ़ समेत कई गांवों में आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सप्ताह में एक दिन नियमित रूप से अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की जाएगी। शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जेवर बांगर, माडलपुर और साबौंता गांवों में भी जल्द ही ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। जेवर और आसपास के क्षेत्रों में यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *