ग्रेटर नोएडा में पकड़ी गई 1150 किलो नकली पनीर, दिल्ली-एनसीआर में की जा रही थी सप्लाई

top-news
गड्ढा खोदकर पनीर को किय नष्ट

Greater Noida: दिल्ली-एनसीआर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। गौतमबुद्ध नगर खाद्य सुरक्षा विभाग और जेवर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली और बदबूदार पनीर की भारी खेप पकड़ी गई है। यह पनीर बुलंदशहर से दिल्ली सप्लाई किया जा रहा था। टीम ने मौके से करीब 1150 किलो पनीर जब्त कर नष्ट कराया, जबकि जांच के लिए इसके नमूने लैब भेजे गए हैं।

जेवर टोल प्लाजा पर पकड़ा गया पनीर
 खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि गाड़ी नंबर DL 1LAN 3223 देर रात छोटा टोल प्लाजा, जेवर पर पकड़ी गई। तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में पनीर मिला। प्राथमिक जांच में यह पनीर नकली, दूषित और बदबूदार पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के निर्देश पर चलाया जा रहा है।

बुलंदशहर से दिल्ली हो रही थी सप्लाई
पकड़े गए वाहन से यह पनीर बुलंदशहर से दिल्ली सप्लाई किया जा रहा था। सप्लायर की पहचान लोकेंद्र सिंह, निवासी तलेसरा थाना जहांगीरपुर, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। लोकेंद्र अपनी डेयरी से दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में पनीर की आपूर्ति करता था।

गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया पनीर
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि जब्त पनीर में से कुछ नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है, जबकि शेष बुल्डोजर से गड्ढा खोदकर जमीन में दबाकर नष्ट कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि यह कदम लोगों की सेहत को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि नकली और दूषित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस तरह की कार्रवाई लगातार चलती रहेगी ताकि आम जनता की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *