हम दुनिया छोड़ रहे हैं…सुसाइड नोट लिख, CA की पत्नी ने बेटे के साथ क्यों 13वीं मंजिल से लगाई छलांग?
- Shiv Kumar
- 14 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की ऐस सिटी सोसाइटी में महिला और उसके बेटे की मौत हादसा नहीं बल्कि आत्महत्या थी। शनिवार की सुबह 37 वर्षीय साक्षी चावला और उनके 11 वर्षीय बेटे दक्ष ने 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और हर कोई सदमे में है।
हम दुनिया छोड़ रहे हैं…
पुलिस ने मृतका के घर की तलाशी में एक सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें साक्षी ने अपने पति सीए दर्पण चावला को संबोधित करते हुए लिखा–
"हम दुनिया छोड़ रहे हैं… सॉरी। हम तुम्हें अब और परेशान नहीं करना चाहते। हमारी वजह से तुम्हारी जिंदगी खराब न हो। हमारी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है।" सीए दर्पण चावला दो दिन पहले ही बेटे दक्ष को पंजाब से दिखाकर लौटे थे। बेटे का मानसिक विकास नहीं होने के कारण वह उसे पंजाब दिखाने के लिए गए थे।
दवा देने के बाद लगा दी छलांग
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे दर्पण चावला ने अपनी पत्नी से बेटे को दवा देने के लिए कहा। साक्षी ने दक्ष को दवा दी और उसे बालकनी में टहलाने ले गईं। कुछ ही देर में अचानक मां-बेटे ने 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी निवासी बाहर आए, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
बेटे की बीमारी से परेशान थी मां
पुलिस और पड़ोसियों के अनुसार, दक्ष ऑटिज्म बीमारी से बीमार था और लंबे समय से उसका इलाज चल रहा था। वह स्कूल नहीं जाता था और दवाइयों पर निर्भर रहता था। इसी वजह से साक्षी लंबे समय से तनाव में थीं। पड़ोसी बताते हैं कि कई बार साक्षी कहती थीं– “मेरी जिंदगी बहुत मुश्किल हो गई है।” एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने कहा कि बेटे की बीमारी और मां का तनाव इस घटना की प्रमुख वजह लग रही है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच की जा रही है। परिजनों व सोसाइटी निवासियों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।
बेटे के लिए मां ने छोड़ दी थी नौकरी
बता दें कि सुसाइड करने वाली साक्षी पहले आईटी कंपनी में नौकरी करती थीं। लेकिन बेटे के पैदा होने के बाद उसकी देखभाल के लिए नौकरी छोड़ दी। साक्षी घर पर रहकर ही बेटे की देखभाल करती थीं। जबकि उनके पति दर्पण चावला चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़ी नेगी गांव का रहने वाला है और फिलहाल ऐस सिटी सोसाइटी में रह रहा था।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






