जेवर में मिलावटी पनीर जब्ती पर बवाल, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, पूर्व मंत्री सहित सैकड़ों लोग धरने पर बैठे
- Shiv Kumar
- 14 Sep, 2025
Greater Noida: जेवर इंटरचेंज पर शुक्रवार रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी पनीर से भरी गाड़ी को पकड़ने और नष्ट कराने को लेकर बवाल हो गया है। पनीर मालिक और उनके साथी पूर्व प्रधान ने विरोध किया और पुलिस से बहस हो गई। पुलिस ने दोनों समेत तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में ले लिया। शनिवार को भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कार्रवाई को कठघरे में खड़ा करते हुए जेवर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए।
पनीर मालिक और समर्थकों का विरोध
खाद्य निरीक्षक रवेंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम जेवर से नोएडा की ओर जा रही एक गाड़ी को रोका गया। जांच में पनीर में मिलावट पाई गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाकर पनीर नष्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। तभी बुलंदशहर के कलाखुरी गांव के पनीर डेरी मालिक लोकेंद्र सिंह और भवोकरा गांव के पूर्व प्रधान प्रेमवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन की चाबी निकालकर कार्रवाई का विरोध किया और पनीर को सही बताते हुए पुलिस से नोकझोंक की।
इस दौरान पुलिस ने पनीर मालिक लोकेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान प्रेमवीर सिंह और चालक मुकुल को हिरासत में ले लिया और शनिवार सुबह तीनों का चालान कर दिया।
थाने पर किया प्रदर्शन
शनिवार सुबह घटना के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण और समर्थक कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों और खाद्य निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि नष्ट कराए गए पनीर का भुगतान खाद्य विभाग से कराया जाए।
राजनीति में गरमाया मामला
दोपहर में मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने धरनारत लोगों से मुलाकात की और उच्चाधिकारियों से बातचीत की। बालियान ने खाद्य निरीक्षक और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। इस बीच, जिलाधिकारी मेधा रूपम और एसीपी सार्थक सेंगर ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। खाद्य विभाग के अफसरों ने बताया कि टोल प्लाजा पर 1200 किग्रा पनीर पकड़ा गया था, जिसमें से बदबू आ रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वो दिल्ली में सप्लाई करने जा रहे थे। वहां 200 रुपये प्रति किग्रा की दर से पनीर को बेचा जा रहा था।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






