ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीधे जीटी रोड से जोड़ेगा नया मार्ग, जानिए क्या होगा रूट?
- Shiv Kumar
- 15 Sep, 2025
Greater Noida: ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक अहम कदम उठाया है। सैनी गोलचक्कर से वैदपुरा और सादुल्लापुर होते हुए दादरी के जीटी रोड तक सड़क बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। लगभग एक किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। प्रस्तावित सड़क 80 मीटर चौड़ी होगी।
मुख्य सड़क को दादरी जीटी रोड से जोड़ेगी
अधिकारियों के मुताबिक, यह सड़क 130 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क को दादरी जीटी रोड से जोड़ेगी। मार्ग सैनी गोलचक्कर से शुरू होकर सुनपुरा, वैदपुरा, सादुल्लापुर, मारीपत और अच्छेजा होते हुए बादलपुर कोतवाली के सामने जीटी रोड तक पहुंचेगा। इस परियोजना के तहत कुल छह किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। अच्छेजा के पास कुछ हिस्से का निर्माण हो चुका है, लेकिन पूरी जमीन का अधिग्रहण अभी बाकी है। फिलहाल जहां जमीन उपलब्ध है, वहां एक किलोमीटर में निर्माण कराया जाएगा। प्राधिकरण का कहना है कि बाकी बची जमीन अधिग्रहण के लिए किसानों से बातचीत चल रही है। काम पूरा होने पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग सीधे जीटी रोड से जुड़ जाएंगे और लाखों लोगों को फायदा होगा।
अन्य सड़क परियोजनाएं भी प्रस्तावित
प्राधिकरण ने दादरी-रूपवास बाईपास को 130 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ने की योजना भी बनाई है। इसके लिए तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा, जिसकी शुरुआत तिलपता गोलचक्कर के आगे से होगी। करीब 250 मीटर क्षेत्र में जमीन का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है। वहीं, 130 मीटर चौड़ी सड़क को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए सिरसा गोलचक्कर से आगे विस्तार देने की तैयारी है।
जाम की समस्या से मिलेगी निजात
रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक दबाव वाली सड़कों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा रहा है। 130 मीटर चौड़ी सड़क को दादरी जीटी रोड से जोड़ा जाएगा। अधिग्रहण पूरी तरह न होने तक, प्राधिकरण के पास उपलब्ध जमीन पर काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






