ग्रेटर नोएडा में बड़ी चोरी; ज्वेलर्स की दुकान से 18 लाख के गहने चोरी, सीसीटीवी में वारदात कैद
- Shiv Kumar
- 15 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित क्रिस्टल होम सोसाइटी मार्केट में शनिवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात हुई। क्रिस्टल होम सोसाइटी की मार्केट में स्थित श्रीश्याम ज्वेलर्स की दुकान का ताला तोड़कर करीब 18 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 40 हजार रुपये नकद लेकर चोर फरार हो गए। दुकान मालिक सोसाइटी के ही निवासी हैं। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश घटना को अंजाम देते दिखाई दिए हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों रात करीब साढ़े तीन बजे दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से गहने व नकदी चोरी कर ले गए। रविवार सुबह चोरी का पता चलते ही दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। बिसरख कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फुटेज कब्जे में ली और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
गढ़ी चौखंडी में दो किराना दुकानों पर धावा
वहीं, नोएडा के गढ़ी चौखंडी गांव में भी शनिवार रात चोरी की वारदात हुई। यहां बदमाशों ने दो किराना दुकानों के ताले तोड़कर एक लाख रुपये से अधिक का सामान और नकदी गायब कर दी। पीड़ित प्रमोद और जोगेंद्र ने बताया कि रात करीब 10 बजे दुकानें बंद कर वे घर गए थे। रविवार सुबह लौटने पर शटर टूटे मिले। जोगेंद्र की दुकान से चोर 20 हजार रुपये नकद, करीब 10 हजार रुपये की सिगरेट, चॉकलेट और अन्य सामान ले गए, जबकि प्रमोद की दुकान से भी नगदी और सामान चोरी हुआ। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि एक माह के भीतर गांव में तीन दुकानों में चोरी हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि कोई गिरोह इलाके में सक्रिय है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कड़ी निगरानी की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






