पंचायत में भरी हुंकार; अवैध निर्माण पर कार्रवाई से नाराज किसान आज प्राधिकरण का करेंगे घेराव

top-news
सोऱखा गांव में हुआ था विवाद

Noida: नोएडा में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए लाठीचार्ज और किसानों पर दर्ज मुकदमों को लेकर नाराजगी गहराती जा रही है। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले सैकड़ों किसान सोमवार को प्राधिकरण पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता करेंगे। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि वार्ता सफल नहीं होती, तो मुख्यालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन होगा।

पंचायत स्थल पर पुलिस का कड़ा पहरा
रविवार को किसानों ने सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सोरखा गांव बारातघर में पंचायत की। बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गए। सुबह से ही बारातघर के आसपास छावनी जैसा माहौल रहा। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा, सेक्टर-20 थाना प्रभारी धर्मप्रकाश शुक्ला और पीएसी के जवानों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसानों की रणनीति थी कि वे सोमवार सुबह 11 बजे सेक्टर-113 थाने का घेराव करेंगे और फिर प्राधिकरण का रुख करेंगे। इसे देखते हुए पुलिस ने गांव में ही किसानों को रोकने और समझाने की कोशिश की। दोपहर तक अधिकारी किसानों को शांत करने में लगे रहे।

धार्मिक स्थल मान्य, तो मकान क्यों नहीं?
पंचायत की अध्यक्षता भूलेराम यादव और संचालन जतन यादव ने किया। वक्ताओं ने कहा कि गांव की कई खसरा नंबर वाली जमीनों पर धार्मिक आयोजन स्थल बन चुके हैं और उनके नक्शे अधिकारियों ने पास कर दिए हैं। ऐसे में यदि यह स्थल वैध हैं तो किसानों को मकान बनाने से क्यों रोका जा रहा है? राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसानों को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्राधिकरण में सोमवार को होने वाली वार्ता संतोषजनक नहीं रही तो सैकड़ों किसान मुख्यालय के गेट पर धरना देंगे।

किसानों की मांग
किसान नेता रवि यादव ने कहा कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र की वह भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में किसानों के नाम दर्ज है, उसका विधिवत अधिग्रहण होना चाहिए। किसानों को अतिक्रमण के नाम पर डराना और परेशान करना बंद होना चाहिए।  दोपहर करीब पौने दो बजे पहुंचे एडीसीपी सुमित शुक्ला ने किसानों को आश्वासन दिया कि सोमवार को प्राधिकरण में अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच वार्ता कराई जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *