दादरी विधायक पर लगाया बड़ा आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर किया वायरल, दो लोगों पर केस

top-news
विपिन भाटी ने दर्ज कराया केस

Greater Noida: सोशल मीडिया पर दादरी विधायक तेजपाल नागर की छवि धूमिल करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि इन लोगों ने विधायक के बेटे पर नौकरी लगवाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग करने का झूठा आरोप लगाते हुए एक वीडियो वायरल किया था। हालांकि, बाद में वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दिया गया।

फर्जी आरोपों के आधार पर वीडियो बनाया
गुर्जर कॉलोनी निवासी विपिन भाटी ने इस प्रकरण को लेकर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नई बस्ती गांव के अशोक भाटी और जैतपुर गांव के संजय रावल ने मिलकर फर्जी आरोपों के आधार पर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। संजय रावल ने आरोप लगाया था कि विधायक के बेटे ने नौकरी दिलाने के नाम पर पचास हजार रुपये की मांग की। इसके बाद अशोक भाटी ने उस वीडियो को वायरल कर दिया। कुछ ही समय बाद अशोक ने वीडियो को डिलीट भी कर दिया।

आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और मनगढ़ंत 
विधायक तेजपाल नागर का कहना है कि आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहा, “वीडियो वायरल कर मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है। जब वायरल करने वालों से इस कथित रिश्वत की सच्चाई पूछी गई तो उन्होंने खुद ही ऐसी किसी घटना से इनकार कर दिया। बिना सबूत किसी पर भी झूठे आरोप लगाना न सिर्फ गलत है बल्कि समाज में गलत संदेश भी देता है।”

मामले की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने कहा कि रुपये लेकर काम करने का आरोप बगैर सबूत के लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *