ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार का कहर, स्कूटी सवार दो युवकों को मारी जोरदार टक्कर
एक युवक के सिर में गंभीर चोट, दूसरे का पैर हुआ जख्मी
- Shiv Kumar
- 16 Sep, 2025
Greater Noida: बीटा-दो कोतवाली क्षेत्र के ओमीक्रॉन-3 सेक्टर स्थित मिग्सन गोल चक्कर के पास रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही होंडा सिटी कार ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी दूर जा गिरी और कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
मिग्सन गोल चक्कर के पास के पास हादसा
पुलिस ने घायलों की पहचान यूनुस और साहिल के रूप में की है। दोनों मूल रूप से गाजियाबाद के साहिबाबाद, गरिमा गार्डन के रहने वाले हैं और इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करते हैं। रविवार को दोनों कासना स्थित एक फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मिग्सन गोल चक्कर के पास पहुंचे, सामने से तेज गति में आ रही होंडा सिटी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में साहिल के सिर में गंभीर चोट आई है जबकि यूनुस का पैर जख्मी हो गया।
प्राधिकरण के नाम पंजीकृत कार
पुलिस की जांच में पता चला कि हादसे में शामिल होंडा सिटी कार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नाम पंजीकृत है। यह गाड़ी प्राधिकरण के ओएसडी (अफसर विशेष कार्याधिकारी) के लिए चलती है, लेकिन हादसे के समय ओएसडी कार में मौजूद नहीं थे। कार ड्राइवर चला रहा था।
ड्राइवर के शराब पीने की आशंका
हादसे की गंभीरता और चालक के व्यवहार को देखते हुए पुलिस को आशंका हुई कि वह शराब के नशे में हो सकता है। इसी वजह से उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। बीटा-दो कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि होंडा सिटी कार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नाम पंजीकृत है। हादसे में यूनुस के पैर और साहिल के सिर में चोटें आई हैं। फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






