फिल्म सिटी से सीधे जुड़ेगा यमुना एक्सप्रेसवे, भाईपुर ब्रह्ननान गांव के पास रैंप का निर्माण कार्य शुरू
3.25 करोड़ की आएगी लागत बन रहे रैंप का कार्य अगले साल होगा पूरा
- Shiv Kumar
- 16 Sep, 2025
Greater Noida: सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट और बहुप्रतीक्षित यमुना सिटी के सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे से फिल्म सिटी को सीधे जोड़ने के लिए भाईपुर ब्रह्ननान गांव के पास रैंप बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह रैंप अप्रैल 2026 तक तैयार हो जाएगा।
फिल्म सिटी तक आसान पहुंच
रैंप बनने से दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मथुरा और आगरा से फिल्म सिटी तक पहुंचना आसान होगा। रैंप तीन-तीन लेन के बनाए जाएंगे। दोनों ओर की लंबाई 500-500 मीटर और चौड़ाई 11-11 मीटर होगी। इससे भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक के बावजूद जाम की समस्या नहीं होगी। अभी शुरुआती चरण में सर्विस रोड पर मिट्टी भरने का काम किया जा रहा है। इस रैंप के निर्माण में 3.25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। योजना के मुताबिक, इसे वर्ष 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
जल्द शुरू होगा फिल्म सिटी का निर्माण
बता दें कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और फिल्म सिटी दोनों ही प्रदेश के ड्रीम प्रोजेक्ट्स हैं। फिल्म सिटी के पहले चरण का निर्माण 86 एकड़ भूमि पर 900 करोड़ रुपये की लागत से होना है। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के मानचित्र को पहले ही यमुना प्राधिकरण ने मंजूरी दे दी है। बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रा.लि. के चेयरमैन और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने प्रस्तावित नक्शा प्राधिकरण को सौंपा था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। अब जल्द ही फिल्म सिटी का निर्माण कार्य शुरू होगा। दावा किया जा रहा है कि यह फिल्म सिटी बहुत बड़ी और अद्भुत होगी। ऐसी फिल्म सिटी का अभी निर्माण नहीं हुआ है। इतना ही नहीं फिल्म सिटी में इंस्टीट्यूट की भी स्थापना की जाएगी।
मील का पत्थर साबित होगा
यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि फिल्म सिटी को दिल्ली, नोएडा और अन्य बड़े शहरों से जोड़ने के लिए रैंप का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह परियोजना प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






