नोएडा एयरपोर्ट के पास यीडा सिटी में नहीं बन सकेंगी हाईराइज बिल्डिंग, जानिए क्या है वजह?
यीडा सिटी के लिए नए बिल्डिंग बाइलॉज पर मंथन, रियल एस्टेट पर पड़ेगा असर
- Shiv Kumar
- 16 Sep, 2025
Greater Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के चारों ओर विकसित हो रही यीडा सिटी के लिए यमुना प्राधिकरण ने नए बिल्डिंग बाइलॉज बनाने की तैयारी तेज कर दी है। यह नियम एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की कलर कोडिंग (जोनिंग मैप) के आधार पर तय किए जाएंगे। सबसे बड़ा असर एयरपोर्ट से 4 से 6 किलोमीटर के दायरे में देखने को मिलेगा।
बिल्डरों को झटका
इससे यीडा की योजनाओं में ग्रुप हाउसिंग प्लॉट खरीदने वाले बिल्डरों को अब झटका लग सकता है। उन्हें उम्मीद थी कि हाईराइज टावर बनाकर मोटा मुनाफा कमाएंगे, लेकिन नए बाइलॉज में इमारतों की ऊंचाई पर पाबंदी लगने वाली है। हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में अथॉरिटी ने सर्वे एजेंसी चुनने का फैसला लिया है। नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि एजेंसी चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
20 किलोमीटर तक इमारतों की ऊंचाई तय रहेगी
एएआई की कलर कोडिंग के मुताबिक एयरपोर्ट से 20 किलोमीटर तक इमारतों की ऊंचाई तय रहेगी। मकसद यह है कि विमान की उड़ान और लैंडिंग में कोई बाधा न आए। इस वजह से जो लोग एयरपोर्ट के आसपास ऊंचे टावर बनाना चाहते हैं, उन्हें पहले एनओसी लेनी होगी। बिना अनुमति बने निर्माण को गिराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे आम लोगों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। बल्कि जेवर और आसपास की जमीन, दुकान और मकान मालिकों की प्रॉपर्टी की कीमत और बढ़ेगी।
हजारों आवंटियों पर असर
यीडा सिटी में अब तक 32 हजार से अधिक आवासीय प्लॉट और हजारों व्यावसायिक व औद्योगिक प्लॉट आवंटित हो चुके हैं। जिन आवंटियों ने 15 मीटर से ऊंची इमारतें बनाने की योजना बनाई थी, उन्हें अब नए बाइलॉज का इंतजार करना होगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, 20 किलोमीटर के दायरे में हाईराइज बिल्डिंग की संख्या सीमित हो जाएगी। ऐसे में भविष्य में फ्लैटों की सप्लाई कम रहेगी, जबकि डिमांड बढ़ेगी। इसका सीधा असर प्रॉपर्टी रेट पर पड़ेगा। साथ ही एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद नौकरी के अवसर बढ़ेंगे, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधरेगा और कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे रियल एस्टेट बाजार और महंगा हो सकता है।
संभावित नियम
जोन-1 (4 किमी तक): अधिकतम 14 से 19 मीटर ऊंचाई
जोन-2 (6.1 किमी तक): 24 से 29 मीटर ऊंचाई
जोन-3 (9.1 किमी तक): 79 मीटर ऊंचाई
जोन-4 (15 किमी तक): 109 मीटर ऊंचाई
जोन-5 (20 किमी तक): 139 मीटर ऊंचाई
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






