नोएडा में देर रात चली ताबड़तोड़ गोलियां, कार पर हमला और ऑफिस में तोड़फोड़

top-news
बदमाशों ने 10 से ज्यादा राउंड गाड़ियों पर चलाई

Noida: नोएडा सेक्टर-122 पृथला डूब अंबेडकर कॉलोनी देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। गाड़ियों में सवार अज्ञात बदमाशों ने इलाके में 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि फायरिंग दहशत फैलाने की मंशा से की गई थी। बदमाशों ने सिर्फ गोलियां ही नहीं चलाईं बल्कि गाड़ियों पर तलवार और डंडों से हमला भी किया। इतना ही नहीं, वहां स्थित एक ऑफिस में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची सेक्टर 113 थाना पुलिस जांच में जुटी है।

गाड़ी पर तलवार, डंडों से किया हमला

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट मीडिया सेल ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि यह विवाद पुरानी रंजिश का नतीजा है। 11 सितंबर को थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में विकल यादव पुत्र मलखान और अंकित पक्ष के बीच एक होटल में पार्टी के दौरान झगड़ा हुआ था। इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 15 सितंबर को जमानत पर छूटकर विकल यादव अपने साथी नितिन यादव के साथ घर लौट आया। उसी शाम अंकित और उसके साथी नितिन यादव के बंद पड़े ऑफिस में पहुंच गए और तोड़फोड़ की। वहां खड़ी कार की विंडशील्ड को भी डंडे से तोड़ा। सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद है। पीड़ित की तहरीर पर तत्काल थाना सेक्टर-113 पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

मौके पर फैली दहशत, सहमे लोग

गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात करीब 11 बजे अचानक गोलियों की आवाज आई। हमें लगा कोई बड़ी वारदात हो गई है। डर के मारे घर से बाहर नहीं निकले। जगदीश ने बताया कि उनकी कार बाहर खड़ी थी, बदमाशों ने डंडे से शीशा फोड़ दिया। ऑफिस का भी सामान तोड़ दिया। सब कुछ बर्बाद कर दिया। महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोली की आवाज से बहुत डर गईं। बच्चे रोने लगे। पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। वहीं, विकल यादव का कहना है कि उसका नाम इस विवाद में घसीटा जा रहा है, लेकिन मुझे और मेरे साथियों को जान से मारने की कोशिश की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *