ग्रेटर नोएडा में तीसरे UP इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज, अफसरों ने झोंकी ताकत, PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

top-news
19 सितंबर को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का लेंगे जायजा

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा तीसरे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। अनुमान है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन कर सकते हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई देशों के राजनयिक और विशेष अतिथि इसमें शामिल होंगे।

अधिकारियों ने की तैयारी की समीक्षा
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने मंगलवार को बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इसमें वीवीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, उद्घाटन समारोह की रूपरेखा, पार्किंग, होटल दरें, ब्रांडिंग और आम जनता की सुविधा जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर प्रोटोकॉल व्यवस्था में शिथिलता न हो और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए विशेष हॉस्पिटैलिटी डेस्क बनाई जाए। वहीं, शटल बस सेवा, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।

1500 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा संभालेंगे
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान 1500 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा संभालेंगे। इसमें PAC की 7 कंपनियां भी शामिल होंगी। प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर से आने की संभावना है, लेकिन सड़क मार्ग से आने-जाने की भी तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस कमिश्नर ने साफ निर्देश दिए हैं कि आयोजन स्थल तक आने वाले रास्तों पर ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए विशेष प्लान बनाया जाए।

चमकाई जा रही सड़कें
ट्रेड शो के मद्देनज़र ग्रेटर नोएडा की सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण किया जा रहा है। गलगोटिया अंडरपास से नासा पार्किंग स्थल तक सड़क चौड़ी की जा रही है। 15 डार्क स्पॉट पर नई लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि इंडिया एक्सपो मार्ट के आसपास 45 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक कंट्रोल रूम से निगरानी होगी। बारिश से बने गड्ढों को भी भरा जा रहा है।

2 लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार इस बार दो लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। साथ ही 2,500 से अधिक उद्यमी और उद्योगपति देश-विदेश से यहां पहुंचेंगे। जिलाधिकारी और औद्योगिक पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। 19 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तैयारियों का जायजा लेंगे। अधिकारियों का कहना है कि शो को भव्य और सफल बनाने के लिए किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *