ग्रेटर नोएडा बना देश का सबसे प्रदूषित शहर, AQI पहुंचा 212 के पार

top-news
नोएडा का एक्यूआई 148 दर्ज हुआ, जो येलो जोन यानी मध्यम श्रेणी में रहा

Greater Noida: दिल्ली एनसीआर एक बार फिर धीरे-धीरे वायु प्रदूषण की चपेट में आने लगा है। ग्रेटर नोएडा मंगलवार को देश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की शाम चार बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 212 पहुंच गया, जो खराब श्रेणी (ऑरेंज जोन) में आता है। इसके विपरीत नोएडा का एक्यूआई 148 दर्ज हुआ, जो येलो जोन यानी मध्यम श्रेणी में रहा।  

लगातार तीसरे दिन खराब हवा
पिछले तीन दिनों से ग्रेटर नोएडा की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है। रविवार और सोमवार को शहर देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर था, जबकि मंगलवार को यह पहले स्थान पर पहुंच गया। देश के सभी अन्य शहरों का एक्यूआई ग्रीन से येलो जोन के बीच दर्ज किया गया, लेकिन ग्रेटर नोएडा अकेला ऐसा शहर रहा जहां हवा की गुणवत्ता खराब स्तर पर पाई गई।

बढ़ते प्रदूषण और गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें
वायु प्रदूषण के साथ-साथ मौसम भी लोगों को परेशान कर रहा है। मंगलवार को दिन की शुरुआत तेज धूप और उमस भरे माहौल से हुई। दोपहर होते-होते धूप का प्रकोप बढ़ गया और लोग गर्मी व पसीने से बेहाल नजर आए। प्रदूषित हवा और उमस भरे मौसम के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और थकान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

आर्द्रता 95 फीसदी पहुंचने से अधिक उमस 
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता 95 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे उमस और अधिक महसूस हुई। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना बेहद कम है। जिले को फिलहाल ‘नो वार्निंग जोन’ में रखा गया है। हालांकि, उमस बढ़ने पर कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन तेज बारिश के आसार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *