ग्रेटर नोएडा में एक चलती बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान

top-news
मदरसन कंपनी की बस अपने स्टाफ को लेने के लिए जा रही थी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में गुरुवार तड़के एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। थाना सूरजपुर क्षेत्र के सूरजपुर कस्बे में सुबह करीब 5 बजे मदरसन कंपनी की एक स्टाफ बस अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को घेर लिया और वह जलकर राख हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बस कस्बे के पेट्रोल पंप के पास से गुजर रही थी। गनीमत रही कि उस वक्त बस में ड्राइवर के अलावा कोई भी मौजूद नहीं था, वरना यह घटना एक बड़े हादसे का रूप ले सकती थी।

पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही जलने लगी बस
जानकारी के अनुसार, बस अपने स्टाफ को लेने के लिए कंपनी की ओर से निकली थी। जैसे ही बस सुबह करीब 5 बजे  पेट्रोल पंप के पास पहुंची, अचानक उसमें आग की लपटें उठने लगीं। तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरी बस धधक उठी।

सीएनजी किट में शॉर्ट सर्किट आग लगने की आशंका
बताया जा रहा है कि घटना बस की सीएनजी किट में शॉर्ट सर्किट होने के कारण हुई। आग लगते ही ड्राइवर ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए तुरंत बस से छलांग लगाई और अपनी जान बचा ली। इसके बाद उसने घटना की जानकारी तुरंत फायर विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हड़कंप की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। थाना सूरजपुर पुलिस ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *