यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025; तैयारियों का जायजा लेने कल आएंगे CM योगी, शो में दिखेगी राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि और विरासत
25 सितंबर से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज
- Shiv Kumar
- 18 Sep, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) की तैयारियां जोरों पर हैं। इस भव्य आयोजन का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार 19 सितंबर दोपहर ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट परिसर में तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद करीब दो घंटे तक समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव, प्रशासनिक अधिकारी और सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही सीएम योगी गाजियाबाद का भी दौरा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना
ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक होगा। इसके उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। सीएम योगी ट्रेड शो में पीएम से मिलने वाले उद्यमियों और प्रतिनिधियों की सूची की भी समीक्षा करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, पीएम के आगमन से एक दिन पहले 24 सितंबर को सीएम योगी दोबारा ग्रेटर नोएडा आएंगे और 25 सितंबर तक यहीं रहेंगे। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि सीएम और पीएम के आधिकारिक कार्यक्रम की लिखित सूचना अभी नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन ने दोनों दौरों को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों संभालेंगे सुरक्षा
ट्रेड शो के उद्घाटन पर सुरक्षा की कमान 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के हाथों में होगी। इनमें 8 डीसीपी, 9 एडीसीपी, 37 एसीपी, 70 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक और सैकड़ों सिपाही शामिल हैं। साथ ही पीएसी की सात कंपनियां भी तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अन्य जिलों से भी 1,000 पुलिस जवान बुलाए जाएंगे। पीएम के हेलीकॉप्टर से आने की संभावना है, लेकिन एहतियात के तौर पर सड़क मार्ग की वैकल्पिक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
पर्यटन विभाग का विशेष पवेलियन बनेगा
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग भी ट्रेड शो में अपनी भव्य प्रस्तुति देगा। विभाग एक विशेष पवेलियन प्रदर्शित करेगा जिसमें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, पर्यटन निवेश की संभावनाएं और आर्थिक प्रगति को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यटन को राज्य की वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की महत्वाकांक्षी योजना का अहम हिस्सा बनाना है। यह पवेलियन पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल होगा और इसमें डिजिटल स्टोरीटेलिंग, एआर-वीआर आधारित डिस्प्ले, ऑटो-नेविगेशन कियोस्क और सेल्फी जोन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आगंतुकों को सांस्कृतिक अनुभव देने के लिए ब्रज का मयूर नृत्य, सोनभद्र व लखीमपुर के जनजातीय नृत्य, झांसी का बुंदेली नृत्य और लखनऊ घराने की कथक प्रस्तुतियां होंगी।
निवेश और नवाचार पर फोकस
शो के दौरान वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), हस्तशिल्प, ग्रामीण पर्यटन, मंदिर वास्तुकला और नवाचार को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। विभाग निवेशकों के लिए पीपीपी-रेडी हेरिटेज प्रोजेक्ट्स की जानकारी देगा और पूंजी सब्सिडी, भूमि आवंटन, टैक्स छूट व सिंगल विंडो क्लीयरेंस जैसी नीतिगत प्रोत्साहनों को भी साझा करेगा। पर्यटन विभाग अपने मोबाइल ऐप को भी प्रमोट करेगा, जिसमें क्यूआर कोड के जरिए डाउनलोड की सुविधा होगी। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को आध्यात्मिक, बौद्ध, ग्रामीण और वेलनेस पर्यटन से जुड़े विशेष यात्रा कार्यक्रम उपलब्ध कराएगा। पर्यटन मंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र विकसित भारत 2047 की दृष्टि का केंद्र है। वहीं, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि यह पवेलियन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि आगंतुकों के लिए एक समग्र अनुभव प्रस्तुत करेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






