नोएडा एयरपोर्ट से सीधे जुड़ेंगे उत्तराखंड, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के शहर, चलेंगी लग्जरी एसी बसें

top-news
पश्चिमी यूपी के प्रमुख शहरों आगरा, मेरठ और गाजियाबाद को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

Greater Noida:  नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए यमुना प्राधिकरण ने बड़ी पहल की है। अब एयरपोर्ट से सीधी लग्जरी और एसी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इस सुविधा के बाद उत्तराखंड, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहर सीधे एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे।

धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक सीधी बसें
योजना के तहत उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक बसें चलाई जाएंगी। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और चंडीगढ़ से भी यात्री सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा पश्चिमी यूपी के प्रमुख शहरों आगरा, मेरठ और गाजियाबाद को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों से सिटी बस सेवा
स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से भी सिटी बस सेवाएं एयरपोर्ट तक चलाई जाएंगी। ये बसें एक्सप्रेसवे मार्ग से दनकौर, गौड़ यमुना सिटी और रबुपुरा से होकर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इससे क्षेत्र के निवासियों को हवाई अड्डे तक पहुंचने में न तो समय लगेगा और न ही अतिरिक्त खर्च।

फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी
यात्रियों की अंतिम दूरी की समस्या दूर करने के लिए एयरपोर्ट प्राधिकरण ने रैपिडो के साथ समझौता किया है। इसके तहत यात्रियों को 24 घंटे टू-व्हीलर और ऑटो के जरिये फर्स्ट व लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे हवाई यात्रियों को समय और लागत दोनों में राहत मिलेगी। धार्मिक यात्राओं और पर्यटन को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।

रोडवेज के साथ अनुबंध
एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) उत्तर प्रदेश और राजस्थान रोडवेज के साथ अनुबंध की प्रक्रिया में है। इससे पहले YIAPL उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली के परिवहन निगमों के साथ समझौता कर चुका है। इन राज्यों से सीधी बस सेवा शुरू होने पर यात्रियों को हवाई अड्डे तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।

उबर, रैपिडो और महिंद्रा के साथ साझेदारी
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रैपिडो, महिंद्रा और ऊबर से भी करार किया है। इसके तहत एयरपोर्ट परिसर में पिकअप और पार्किंग जोन तैयार कर दिए गए हैं। इन सेवाओं का लाभ यात्री चौबीसों घंटे उठा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *