नोएडा में घर से कूड़ा उठाना हुआ महंगा, जानिए अब कितने फीसदी अधिक चार्ज देना होगा?

top-news
कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को भी अधिक सुचारू और नियमित किया जाना जरूरी है।

Noida: अब शहरवासियों को घर से कूड़ा उठवाने के लिए पहले से ज्यादा शुल्क चुकाना होगा। कूड़ा संग्रहण करने वाली एजेंसी एजी एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड ने करीब 20 प्रतिशत तक शुल्क बढ़ा दिया है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, यह नया शुल्क पिछले महीने से ही लागू कर दिया गया है। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि शुल्क में बढ़ोतरी तो कर दी गई है, लेकिन कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को भी अधिक सुचारू और नियमित किया जाना जरूरी है।

कैसे तय हुआ शुल्क?
नोएडा प्राधिकरण ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और परिवहन की जिम्मेदारी इस एजेंसी को सौंपी थी। वर्ष 2020 में घरों से कूड़ा उठाने का शुल्क तय किया गया था और इसे 26 नवंबर 2020 से लागू किया गया था। अनुबंध के अनुसार, शुल्क में हर साल 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी थी। लेकिन पिछले चार वर्षों में शुल्क में कोई इजाफा नहीं किया गया। इसी कारण इस साल एकमुश्त 20 प्रतिशत बढ़ोतरी लागू की गई है।

कहां-कहां से वसूला जा रहा शुल्क?
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल सेक्टरों और सोसाइटियों से शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन ग्रामीण इलाकों से एजेंसी अभी शुल्क वसूल नहीं कर पा रही है। एजेंसी का दावा है कि वह घरों से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग उठाती है। वर्तमान में सूखा कूड़ा सेक्टर-145 स्थित निस्तारण स्थल पर ले जाया जाता है। गीले कूड़े का निस्तारण शहर में विभिन्न माध्यमों से किया जाता है।

नए शुल्क पिछले महीने से लागू
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एस.पी. सिंह ने कहा, “घर से कूड़ा उठाने के शुल्क में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। नए शुल्क पिछले महीने से लागू कर दिए गए हैं। वहीं, शहरवासियों का कहना है कि जब शुल्क बढ़ा ही दिया गया है तो एजेंसी को समय पर और नियमित रूप से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी भी पूरी करनी चाहिए। कई सेक्टरों और सोसाइटियों में अभी भी समय पर कूड़ा नहीं उठाया जाता, जिससे गंदगी की समस्या बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *