ग्रेटर नोए़डा की इस सोसायटी में एओए चुनाव को लेकर मारपीट, पुलिस ने दोनों पक्षों के 7 लोगों को किया गिरफ्तार

top-news
घटना 17 सितंबर 2025 को हुई थी। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई।

Greater Noida: गौतमबुद्धनगर के बिसरख थाना क्षेत्र की ट्राइडेंट एम्बेसी सोसायटी में एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) चुनाव को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 17 सितंबर 2025 को हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दोनों पक्षों ने दी थी एक दूसरे की शिकायत
दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रथम पक्ष की शिकायत पर  मामला दर्ज हुआ था। जबकि द्वितीय पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। इसके बाद थाना बिसरख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रथम पक्ष से धर्मेन्द्र सिंह, अनिल कुमार शर्मा और तुषार चौधरी को गिरफ्तार किया है।  वहीं द्वितीय पक्ष से वरुण सिंह, विपिन वत्स, नितिन चावला और रजत सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ट्राइडेंट एम्बेसी सोसायटी के ही निवासी हैं। पुलिस ने सातों आरोपियों को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोएडा पुलिस ने बरामद किए 101 गुमशुदा मोबाइल, मालिकों को किए सुपुर्द
वहीं, गौतमबुद्धनगर पुलिस ने लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन खोजकर बड़ी राहत पहुंचाई है। सर्विलांस सेल सेन्ट्रल नोएडा और थाना फेस-2 पुलिस की संयुक्त टीम ने 101 कीमती स्मार्टफोन सर्विलांस के जरिए खोज निकाले और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा। पुलिस ने बताया कि ये मोबाइल अलग-अलग परिस्थितियों में लोगों से छूट गए थे। इनमें से कई फोन भीड़-भाड़ वाले बाजारों, सब्ज़ी-फलों की मंडियों और साप्ताहिक बाजारों में सामान खरीदते समय छूट गए थे। कई ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो जैसी यात्राओं के दौरान, बाइक चलाते समय ढीली जेबों से, ई-रिक्शा की सवारी करते समय, खुले में काम करने वाले कारीगरों द्वारा काम खत्म करने के बाद, पार्क में खेलते या व्यायाम करते समय,  शादी-ब्याह और बारात में नृत्य के दौरान, नशे की हालत में, धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में, बच्चों द्वारा खेल-खेल में कहीं छोड़ देने पर गिर गए थे या छूट गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *