लग्जरी कार का शौक पूरा करने के लिए बना चोर, रेकी करने बाद करता चोरी, जानिए कैसे हुआ गिरफ्तार

top-news
आरोपी कार को बिना नंबर प्लेट के चला रहा था और बेचने की फिराक में था

Noida: फेज वन थाना पुलिस ने रविवार को लग्जरी कारों के शौकीन एक शातिर चोर को दबोच लिया। पुलिस ने उसे एजी एन्वाइयरो फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार बरामद की। आरोपी कार को बिना नंबर प्लेट के चला रहा था और बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।

कैसे हुआ खुलासा
नोएडा सेक्टर-10 निवासी अनिल कुमार की फॉर्च्यूनर कार (हरियाणा नंबर) 30 अगस्त को उनके घर के पास से चोरी हो गई थी। इस मामले में फेज वन थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की और तकनीकी निगरानी व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की।एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को टीम ने दबिश देकर बिहार के कैमूर जिले के बड़ी तकिया गांव निवासी जमील अंसारी को चोरी की कार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जमील अंसारी को महंगी और लग्जरी कार चलाने का शौक है। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इन्हें खरीद नहीं सकता था। शौक पूरा करने के लिए वह लग्जरी गाड़ियों की रेकी करता, मौका मिलते ही चोरी कर लेता और कुछ समय तक बिना नंबर प्लेट लगाकर खुद चलाता था। बाद में वह चोरी की गाड़ियों को अच्छे दामों पर बेच देता और उस पैसे से अपने शौक पूरे करता था। आरोपी पर दिल्ली और नोएडा में वाहन चोरी के दो केस दर्ज हैं।  अब तक तीन लग्जरी कारें चुरा चुका है। इसके साथ ही साल 2024 में दिल्ली से जेल भी जा चुका है।

शौक ने बना दिया अपराधी

जमील अंसारी मूलरूप से बिहार के कैमूर जिले के बड़ी तकिया गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसे हमेशा से महंगी गाड़ियां चलाने का शौक था। आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण उसने गाड़ियों की चोरी का रास्ता चुना। वह पहले लग्जरी गाड़ियों की रेकी करता था।  मौका मिलते ही गाड़ियों को स्टार्ट करने के लिए मास्टर चाबी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करता। चोरी के बाद कुछ दिनों तक नंबर प्लेट हटाकर खुद इस्तेमाल करता।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *