यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 , PM मोदी कल करेंगे उद्घाटन, 2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

top-news
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम ग्रेटर नोएडा पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

Greater Noida: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी जगत को वैश्विक मंच देने के लिए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 आयोजन हो रहा है। नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25-29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवारसुबह 9:30 बजे करेंगे। प्रधानमंत्री न सिर्फ उद्यमियों को संबोधित करेंगे बल्कि विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदर्शनी में लगे उत्पादों और सेवाओं की भी जानकारी लेंगे। प्रधानमंत्री और ट्रेड शो की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


आज सीएम योगी पहुंचकर लेंगे जायजा

जिला प्रशासन और औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं। वे प्रधानमंत्री के आगमन से पहले एक्सपो मार्ट में तैयारियों का निरीक्षण करेंगे। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी बुधवार दोपहर को ही ग्रेटर नोएडा पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री कार्यक्रम से पहले ग्रेटर नोएडा पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। संभावना है कि वे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी निरीक्षण करें। मंगलवार को डीएम मेधा रूपम और यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि 30 अक्तूबर को नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन में भी प्रधानमंत्री मोदी शामिल हो सकते हैं।


2500 कंपनियां करेंगी प्रदर्शनी

इस बार ट्रेड शो में करीब 2500 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। ये कंपनियां अपने नवीनतम उत्पादों, सेवाओं और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी एक्सपो मार्ट के 10 हॉलों में लगाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में उद्यमियों के साथ बातचीत और एक विशेष फोटो सत्र भी प्रस्तावित है। गौतमबुद्धनगर के कई प्रमुख उद्यमियों को इसमें शामिल होने का अवसर मिल सकता है, हालांकि इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से अंतिम मंजूरी अभी लंबित है।


ढाई हजार पुलिस सुरक्षा में रहेंगे तैनात

वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण मंगलवार को इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचे और सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ बैठक कर हेलीपैड, वीआईपी रूट और प्रदर्शनी स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। डीजीपी ने ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए और कहा कि मेहमानों और प्रदर्शकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीजीपी ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर की गई है। पूरा क्षेत्र 7 जोन और 37 सेक्टर में बांटा गया है। 7 डीसीपी, 15 एसपी और 50 एसीपी सहित 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 7 पीएसी और एक आरआरएफ कंपनी भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल होगी।


ड्रोन और पैराग्लाइडर पर रोक

अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निषेधाज्ञा जारी की है। आदेश के तहत बुधवार की मध्यरात्रि से गुरुवार रात 12 बजे तक ड्रोन, गुब्बारे, रिमोट संचालित माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और पैराग्लाइडर आदि उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ट्रेड शो को लेकर पुलिस बल अलर्ट मोड पर है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर डाइवर्जन की तैयारी कर ली है ताकि आम नागरिकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


रूस बना कंट्री पार्टनर, निवेशकों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा

इस बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का कंट्री पार्टनर रूस है। रूस की कंपनियों का 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचा। प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव और प्रेरणा सिंह ने उन्हें ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक ढांचे की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल को इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब की विस्तृत प्रस्तुति दिखाई गई। रूसी कंपनियों ने प्रदेश में निवेश की इच्छा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *